नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) जेटवर्क के इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार प्रमुख जोश फॉल्गर ने कंपनी से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
कंपनी के प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से पहले एक महीने के भीतर कंपनी के यह दूसरे शीर्ष अधिकारी का इस्तीफा है।
एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ जोश फॉल्गर अब जेटवर्क के साथ नहीं हैं।’’
फॉल्गर दो वर्ष पहले ही कंपनी से जुड़े थे। इससे पहले वह फॉक्सकॉन की भारतीय इकाई, ‘भारत एफआईएच’ का नेतृत्व कर चुके हैं।
जेटवर्क के मुख्य विपणन अधिकारी अमृत राज ने पिछले महीने इस्तीफा दे दिया था। वह अब उद्यम पूंजी कंपनी ‘जंगल वेंचर्स’ से जुड़ गए हैं।
संपर्क किए जाने पर जेटवर्क के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ जोश फॉल्गर ने शुरुआती एवं विकास के चरणों में जेटवर्क इलेक्ट्रॉनिक्स को आकार देने में अहम भूमिका निभाई। अब व्यक्तिगत कारणों से चेन्नई लौटने का फैसला किया है। हम उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हैं और भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।’’
फॉल्गर के पद संभालने के बाद जेटवर्क ने 2024 में अपनी इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण क्षमता के विस्तार के लिए 1,000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रावधान किया था।
कंपनी कई ‘बैंकर’ के साथ चर्चा कर रही है और शीघ्र ही आईपीओ के लिए प्रारूप दस्तावेज दाखिल किए जाने की उम्मीद है।
जेटवर्क ने आखिरी बार अपना मूल्यांकन 3.1 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक बताया था। वहीं सकल व्यापारिक मूल्य करीब 10 करोड़ अमेरिकी डॉलर से बढ़कर दो अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक होने की जानकारी दी थी।