लॉस एंजिल्स, 21 फरवरी (एपी) दिग्गज मुक्केबाज फ्लॉयड मेवेदर ने कहा है कि वह नौ साल के अपने संन्यास को समाप्त करके इस साल गर्मियों में प्रतिस्पर्धी मुक्केबाजी में वापसी करेंगे।
मंगलवार को 49 वर्ष के होने वाले मेवेदर ने 2017 के बाद से कोई पेशेवर मुक्केबाजी मुकाबला नहीं लड़ा है। तब उन्होंने कॉनर मैकग्रेगर को हराया था। इस मुकाबले के बाद मेवेदर (50-0, 27 नॉकआउट) ने अपने करियर में तीसरी बार संन्यास की घोषणा की थी।
पांच बार के पूर्व विश्व चैंपियन मेवेदर का रिंग में कोई सानी नहीं है। उन्होंने अब तक हर पेशेवर मुकाबला जीता है। संन्यास लेने के बाद भी वह प्रदर्शनी मुकाबलों में हिस्सा लेते रहे हैं।
मेवेदर ने पहले ही इस साल 59 वर्षीय माइक टायसन के खिलाफ एक प्रदर्शनी मुकाबले की घोषणा कर दी थी। इसके लिए हालांकि अभी तक स्थान या टेलीविजन पार्टनर की पुष्टि नहीं की गई है।