किंगदाओ, पांच फरवरी (भाषा) पिछली चैम्पियन भारतीय महिला टीम बैडमिंटन एशिया टीम चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में शुक्रवार को दूसरे दर्जे की चीन की टीम से 0 . 3 से हारकर बाहर हो गई ।
भारत ने 2024 में इस टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था लेकिन इस बार पी वी सिंधू के नहीं खेलने से भारत की संभावनाओं को धक्का लगा ।
टूर्नामेंट में इससे पहले दो मैच जीत चुकी दुनिया की 42वें नंबर की खिलाड़ी तन्वी शर्मा दसवीं रैंकिंग वाली गाओ फांग जि से एकतरफा मुकाबले में 9 . 21, 9 . 21 से हार गई ।
विश्व जूनियर चैम्पियनशिप रजत पदक विजेता 17 वर्ष की तन्वी चीनी खिलाड़ी की रफ्तार का सामना नहीं कर सकी ।
गायत्री गोपीचंद और त्रिसा जॉली की जोड़ी ने जुझारू खेल दिखाया लेकिन दुनिया की चौथे नंबर की जोड़ी जिया यि फान और झांग शू शियान से 22 . 24, 18 . 21 से पराजय का सामना करना पड़ा ।
पहले गेम में 10 . 16 से पिछड़ने के बाद भारतीय जोड़ी ने वापसी करके बराबरी की लेकिन करीबी मुकाबले में पहला गेम गंवा दिया । दूसरे गेम में एक समय भारतीय जोड़ी के पास 13 . 10 की बढत थी लेकिन फिर लगातार अंक गंवाकर चीनी जोड़ी को जीत सौंप दी ।
रक्षिता रामराज निर्णायक दूसरे एकल में शू वेन जिंग से 70 मिनट के मुकाबले में 14 . 21, 21 . 15, 17 . 21 से हार गई ।
भारत ने टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में म्यामांर को 5 . 0 से हराया था लेकिन थाईलैंड से 2 . 3 से हार गई थी ।
भारतीय पुरूष टीम क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया से खेलेगी । भारत ने शीर्ष एकल खिलाड़ी लक्ष्य सेन को नहीं उतारा है और पहले एकल में आयुष शेट्टी का सामना यू ताए बिन से होगा ।
लक्ष्य जापान के खिलाफ पिछला मुकाबला नहीं खेले थे और ग्रुप चरण में सिंगापुर के खिलाफ पूर्व विश्व चैम्पियन लो कीन यू से हार गए थे ।
भारत को सात्विक साइराज रंकीरेड्डी की कमी खलेगी जो अपने पिता की पहली बरसी के लिये स्वदेश लौट रहे हैं । उनकी जगह हरिहरन अम्साकारूनन के साथ चिराग शेट्टी पहला युगल मुकाबला खेलेंगे ।
किदाम्बी श्रीकांत दूसरे एकल में चोइ जि हून से खेलेंगे । दूसरे युगल में पृथ्वी कृष्णन और साइ प्रतीक उतरेंगे जबकि तीसरे एकल मुकाबले में तरूण मन्नेपल्ली चुनौती पेश करेंगे ।