नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) भारत की लंबी दूरी की धाविका पूजा आत्माराम को डोप टेस्ट से बचने के कारण एथलेटिक्स इंटीग्रिटी यूनिट (एआईयू) ने अस्थायी तौर पर निलंबित कर दिया है ।
पांच हजार और 10000 मीटर में भाग लेने वाली राजस्थान की पूजा 2024 में इंडियन ग्रां प्री 2 में तीसरे स्थान पर रही थी । पिछले साल लखनऊ में राष्ट्रीय क्रॉसकंट्री चैम्पियनशिप में वह 25वें स्थान पर रही ।
एआईयू ने एक संक्षिप्त बयान में कहा ,‘‘ एआईयू ने भारत की पूजा आत्माराम को नमूना देने से बचने, मना करने या नहीं देने के कारण अस्थायी तौर पर निलंबित कर दिया है । आरोप का नोटिस जारी कर दिया गया है ।’’
पूजा को विश्व डोपिंग निरोधक एजेंसी की आचार संहिता की धारा 2.3 के उल्लंघन के कारण निलंबित किया गया है ।