चोट के कारण टी20 विश्व कप से बाहर हो सकते हैं भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा

0
scdvfedfvews

मुंबई, छह फरवरी (भाषा) भारत के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा अभ्यास मैच के दौरान घुटने में चोट लगने के कारण टी20 विश्व कप से बाहर हो सकते हैं और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में स्वीकार किया कि राणा की स्थिति ‘अच्छी नहीं’ दिख रही है।

सूर्यकुमार ने हालांकि राणा को अभी पूरी तरह से बाहर नहीं किया, लेकिन उनकी बातों से लगा कि राणा के लिए समय पर ठीक होना मुश्किल है।

भारतीय टीम विश्व कप में अपना अभियान शनिवार को अमेरिका के खिलाफ शुरू करेगी।

सूर्यकुमार ने कहा, “ राणा को अभी बाहर नहीं किया गया है, हमारे फिजियो उनका आकलन कर रहे हैं, लेकिन उनके चोट की स्थिति अच्छी नहीं लग रही है।”

भारतीय टीम के विश्वसनीय सूत्रों का कहना है कि राणा के लिए इस टूर्नामेंट के दौरान चोट से उबरने की संभावना काफी कम है।

राणा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में केवल एक ओवर डाला, जिसमें उन्होंने 16 रन दिए और उसके बाद घुटने की चोट के कारण मैदान से बाहर चले गए।

राणा हालांकि भारत की शुरुआती एकादश का हिस्सा नहीं थे। उनका इकोनॉमी रेट भी नौ से ऊपर का है। वह हालांकि विशिष्ट परिस्थितियों में एक उपयोगी विकल्प साबित हो सकते थे। वह निचले क्रम में भी बल्ले से योगदान देने में सक्षम है।

राणा की जगह भारतीय टीम में कोई अनुभवी तेज गेंदबाज जगह बना सकता है, जिनमें प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज का नाम प्रमुख है।

इसके साथ ही हरफनमौला वॉशिंगटन सुंदर भी मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं। उनकी उपलब्धता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *