भारत-अमेरिका व्यापार समझौता रणनीतिक साझेदारी को नयी ऊंचाइयों पर ले जाएगा : शाह

0
sxdfr3ewds

नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को नयी ऊंचाइयों पर ले जाएगा और इससे व्यापारिक संबंध मजबूत होंगे तथा परस्पर विकास को बढ़ावा मिलेगा।

शाह ने सोमवार देर रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह समझौता दोनों देशों और उनके नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा तथा इससे भारत एवं अमेरिका के बीच व्यापार के और फलने-फूलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत-अमेरिका संबंधों के लिए यह एक बड़ा दिन है, क्योंकि 18 प्रतिशत की काफी कम की गई शुल्क (टैरिफ) दर के साथ व्यापार समझौता तय हुआ है, जो मजबूत व्यापारिक रिश्तों और आपसी विकास का रास्ता खोलेगा।’’

इस ‘‘ऐतिहासिक समझौते’’ के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बधाई देते हुए शाह ने कहा कि यह सौदा ‘‘हमारी रणनीतिक साझेदारी को और ऊंचाइयों पर ले जाएगा तथा दोनों देशों एवं उनके लोगों को भारी लाभ पहुंचाएगा। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार और अधिक फलेगा-फूलेगा।’’

भारत और अमेरिका के बीच हुए इस व्यापार समझौते के तहत वाशिंगटन भारतीय वस्तुओं पर लगाए जाने वाले पारस्परिक शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा। राष्ट्रपति ट्रंप ने सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बातचीत के बाद इसकी जानकारी दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर कम शुल्क लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *