आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज को गिफ्ट आईएफएससी में अनुषंगी कंपनी स्थापित करने की सेबी से मिली मंजूरी

0
IMG_8192_20250324152804_ogImage_2

नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) धन प्रबंधन, ‘ब्रोकिंग’ और निवेश बैंकिंग कंपनी आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड को गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज सेंटर (गिफ्ट आईएफएससी) में पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी (डब्ल्यूओएस) स्थापित करने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से मंजूरी मिल गई है। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

प्रस्तावित इकाई आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज (आईएफएससी) लिमिटेड या आईआईएफएल कैपिटल (आईएफएससी) लिमिटेड एक अलग विधि इकाई के रूप में काम करेगी। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) सहित संबंधित नियामकों तथा अन्य प्राधिकरणों से आवश्यक मंजूरी के अधीन, गिफ्ट आईएफएससी में अनुमत वित्तीय सेवाएं एवं पूंजी बाजार गतिविधियां संचालित करेगी ।

कंपनी ने सोमवार को बयान में कहा कि यह मंजूरी आईआईएफएल के वैश्विक वित्तीय सेवा मंच के विस्तार और भारत के प्रमुख अपतटीय वित्तीय केंद्र के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उसकी मौजूदगी मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।

बयान के अनुसार, यह अनुषंगी इकाई वैश्विक निवेशकों को सेवाएं देने, सीमा-पार निवेश प्रवाह को सुगम बनाने और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय उत्पादों तक पहुंच बढ़ाने पर ध्यान देगी। साथ ही यह इकाई सेबी के दिशानिर्देशों के अनुरूप सख्त नियामकीय पृथक्करण एवं शासन मानकों को बनाए रखेगी ।

आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक आर. वेंकटरमन ने कहा, ‘‘ यह मंजूरी हमें एक समर्पित अंतरराष्ट्रीय मंच बनाने में सक्षम बनाती है जिसके जरिये वैश्विक निवेशक भारतीय अवसरों तक कुशलता से पहुंच बना सकेंगे और भारतीय जारीकर्ता मजबूत एवं पारदर्शी नियामकीय ढांचे के भीतर अंतरराष्ट्रीय पूंजी स्रोतों से जुड़ सकेंगे।’’

आईआईएफएल कैपिटल भारत की अग्रणी धन प्रबंधन, ‘ब्रोकिंग’ एवं निवेश बैंकिंग कंपनियों में से एक है। इसके प्रबंधन तथा अभिरक्षा के तहत करीब 28 अरब अमेरिकी डॉलर की परिसंपत्तियां हैं। कंपनी भारत में निवेश बैंकिंग और संस्थागत इक्विटी कारोबार में भी सक्रिय है जिसके बिक्री दल मुंबई, सिंगापुर, लंदन और न्यूयॉर्क में तैनात हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *