नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) फिल्मकार विशाल भारद्वाज का कहना है कि ‘‘जॉन विक’’ और क्वेंटिन टारनटिनो जैसी एक्शन सीन से लबरेज ‘‘ओ’ रोमियो’’ ‘दिल को छू लेने वाली और अनोखी’ प्रेम कहानी है, जो ‘‘मकबूल’’, ‘‘हैदर’’ और ‘‘ओमकारा’’ से बिल्कुल अलग है।
भारद्वाज ने विश्वास जताया कि उनकी यह नयी फिल्म उनकी सबसे सफल फिल्म भी होगी।
शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी अभिनीत यह फिल्म मजेदार और रोमांस से भरपूर है। हालांकि यह शेक्सपियर के ‘‘रोमियो और जूलियट’’ का रूपांतरण नहीं है, लेकिन इसमें ऐसे प्रेमियों पर आधारित कहानी से जुड़ी झलक जरूर मिलती है।
भारद्वाज ने समीक्षकों द्वारा बनाई गई उनकी छवि से बाहर निकलने पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि उन्हें इस तरह की छवि कैसे मिली।
उन्होंने ‘‘ओ’ रोमियो’’ के बारे में अपने बचपन के एक दोस्त के संदेश को याद करते हुए कहा: ‘‘मुझे नहीं पता था कि आप हिंसा, खून-खराबा और प्रेम कहानी बना सकते हो।’’
भारद्वाज ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘हम 40 साल से ज़्यादा समय से दोस्त हैं। मैंने उनसे कहा, ‘‘आपको (फिल्म में) पहले प्रेम से शुरुआत करनी चाहिए थी, हिंसा और खून-खराबा बाद में आ सकता था।’’ क्योंकि, असल में यह एक बहुत ही गहरी और अनोखी प्रेम कहानी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरे जीवन की सबसे सफल फिल्मों में से एक बनने जा रही है। मुझे यह बात उन समीक्षकों का दिल तोड़ने के लिए कहनी पड़ रही है जिन्होंने इस फिल्म की आलोचना की है। मुझे इस फिल्म पर बहुत गर्व है। मुझे किसी बात का पछतावा नहीं है। मुझे इस फिल्म में दिखाई गई हिंसा और प्रेम कहानी पर बहुत गर्व है।”
“ओ’ रोमियो” गैंगस्टर सपना दीदी और हुसैन उस्तरा की वास्तविक जीवन पर आधारित एक कहानी है और यह हुसैन जैदी की पुस्तक “माफिया क्वींस ऑफ मुंबई” के एक अध्याय से प्रेरित है।
नाडियाडवाला ग्रैंडसन और विशाल भारद्वाज फिल्म्स के सहयोग से निर्मित इस फिल्म ने एक सप्ताह पहले रिलीज होने के बाद से अपनी कमाई का 75 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। भारद्वाज के संगीत और गुलजार के गीतों वाली इस फिल्म में अविनाश तिवारी, फरीदा जलाल, नाना पाटेकर, तमन्ना भाटिया और विक्रांत मैसी भी मुख्य भूमिका में हैं।