कैसे आकर्षक बनाएं उपहार पैकिंग को

0
fgr43ere3

उपहार लेने व देने की परंपरा व बरसों पुरानी है। राजा महाराजाओं के काल से चली आ रही इस परंपरा को आज भी लोगों ने कायम रखा है। सच पूछा जाए तो उपहार प्रेम की अभिव्यक्ति का माध्यम हैं। उपहार बेहद कीमती या साधारण भी हो सकता है। समाज में व्यस्तता इतनी अधिक हो गई है कि लोगों को उपहार खरीदने का समय तो कैसे भी मिल जाता है किन्तु उन्हें पैक कर आकर्षक बनाने का समय किसी के पास नहीं होता।
देखा जाए तो बेशुमार कीमती उपहार को भी यदि आप बिना अच्छी पैकिंग के भेंट करें तो उसका मूल्य घट जाता है किन्तु वहीं दूसरी ओर साधारण से उपहार को अच्छी पैकिंग कर के दें तो आप बरबस ही उपहार पाने वाले व्यक्ति का मन मोह सकते हैं। उपहार चयन करते समय अपनी इच्छा के साथ-साथ उस व्यक्ति की इच्छाओं का भी ध्यान रखें जिसके लिए आप उपहार खरीद रहे हैं।
नवयुवक-नवयुवतियों को उपन्यास, पेन, डायरी, श्रृंगार  के साजो-सामान या फूलों का गुलदस्ता दे सकते हैं। बच्चों को कॉमिक्स, कलर बॉक्स, खिलौने, पहेलियां व चुटकुलों की किताब दे सकते हैं। जहां तक पैंकिग का सवाल है लोग दुकानों में ही कर लेते हैं किन्तु वह न केवल साधारण लगता है वरन खर्चीला भी होता है। अगर कम खर्चे में बेहतरीन ढंग से उपहार देना चाहते हैं तो पांच-दस मिनट समय के साथ साधारण सामान की सहायता से उपहार को आकर्षक रूप दे सकते हैं।
सबसे पहले पैकिंग के लिए रंगीन कागज फूलदार हो या आकर्षक डिजाइन वाला हो। क्रेप-पेपर, रिबन, लेस, सैलो-रंगीन, गोंद, चमकी, सितारे, ताजे फूल, परफ्यूम आदि की व्यवस्था करें। इसके साथ-साथ शुभ  कामनाओं का कार्ड भी लगा सकते हैं। पुराने कार्ड को खूबी से यहां काट कर आकर्षक ढंग से सजाया जा सकता है। उपहार की पैकिंग डिब्बे के साथ या बिना डिब्बों के भी हो सकती है। बने बनाए डिब्बे के साथ पैकिंग करना अधिक सुविधाजनक होता है।
पहले आप दो या तीन गड्डी पेपर लें और डिब्बे के आकार के अनुसार काट लें। टेप से चारों ओर चिपका दें। फिर पेपर को साफ कर पुनः इससे अधिक पेपर काटें और गोटे से अच्छी तरह बांध दें और इसका फूल बना दें। आजकल रंगीन ट्रांस्पेरेट सैलो पेपर के साथ उपहार पैक देने का फैशन है। साटिन के रिबन तथा शुभकामनाओं के साथ उपहार को आकर्षक बनाया जा सकता है। ताजे फूलों को भी चाहें तो आप डायरी या उपन्यास भेंट करते समय लगा सकते हैं। हां, इतना अवश्य याद रखिए कि उपहार के अनुरूप ही पैकिंग की सजावट करें, जैसे उपन्यास या डायरी पर चमकी या गोटे न लगे हों या कैसेट की पैकिंग पर ताजे फूल लगाकर न दें।
अगर बिना डिब्बे के उपहार पैक करने की सोच रहे हैं तो आप उपहार को सादे लिफाफे से अच्छी तरह से लपेट लें, उसके बाद बाद ही रंगीन कागज चढ़ाएं। अंत में रंगीन रिबन लगा कर भेंट करें। बच्चों को उपहार देते समय उपहार के ऊपर ही स्टिकर लगा कर छोटी-छोटी टाफियां सैलोटेप से लगाकर कर उपहार को आकर्षक बनाकर दे सकते हैं। किसी खास दोस्त या खास व्यक्ति को उपहार देते समय हल्की-सी परफ्यूम छिड़ककर दें या ताजी गुलाब की पंखुडि़यां डिब्बे में डाल कर डिब्बा बन्द करें। याद रखिए आपका उपहार का चयन, उसकी पैकिंग अभिवादन पूर्वक भेंट देने तक के क्रम में आपका व्यक्तित्व झलकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *