सुंदरता का यूं तो कोई मापदंड नहीं है किन्तु किसी खूबसूरत चेहरे को देखकर सबकी नजरें अनायास ही उस पर टिक जाती हैं यानी आंखों को जो अच्छी लगे, वही खूबसूरती होती है। यह भी माना जाता है कि सुंदरता व्यक्ति विशेष में नहीं बल्कि देखने वाले व्यक्ति की आंखों में होती है लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि आप सुंदर दिखने के लिए कुछ न करें और सोचें कि जिसे लगना होगा, आप ऐसे ही सुंदर लगेंगी। इससे अलग सुंदर दिखने के लिए आपको कुछ भी करने की जरूरत नहीं।
व्यक्ति को सुंदर दिखने और अपने व्यक्तित्व को निखारने के प्रयास करते रहने चाहिए। आपका व्यक्तित्व आपकी खूबसूरती को बढ़ाता है। यह न सोचें कि ढेरों क्रीम चेहरे पर लीप-पोतकर आप सबका ध्यान अपनी ओर खींच लेंगी। तब आप सिर्फ परिहास का पात्रा बनेंगी।
खूबसूरती सिर्फ बाहरी रंग-रूप से ही नहीं बनती बल्कि इसमें व्यक्ति के व्यक्तित्व और व्यवहार से मिलकर बनी छवि भी शामिल होती है। व्यक्ति को अपने गुणों को भी निखारना चाहिए। इसके लिए ज्यादा कुछ करने की जरूरत नहीं है। सिर्फ अपनी सोच को सकारात्मक बनाने की जरूरत है।
सकारात्मक सोच:-
सुंदरता सिर्फ बाहरी ही नहीं होती बल्कि इसमें मन के विचारों का भी सहयोग होता है। आपके मन के सुंदर विचार आपके चेहरे की सुंदरता को चार चांद लगा देते हैं। आपके मन में सुंदर विचार तभी आयेंगे जब आप अपनी सोच को सकारात्मक बनायेंगे। आपकी सकारात्मक सोच आपके व्यक्तित्व को नया रूप प्रदान करेगी। इसके लिए अच्छी पत्रा-पत्रिकाएं पढ़ें। ऐसे लोगों से मिलें जो सकारात्मक सोचते हों।
सम्पूर्ण आहार:-
खूबसूरत दिखने के लिए सबसे जरूरी है चेहरे का कांतिमय होना। महिलाओं के लिए खूबसूरती में उनके चेहरे का बेहद योगदान होता है। चेहरा खूबसूरत तभी दिखेगा जब उसकी त्वचा पर कोई दाग-धब्बा भी नहीं होगा। त्वचा को खूबसूरत और दाग-धब्बों हीन बनाने के लिए जरूरी है सम्पूर्ण आहार लेना यानी संतुलित और पौष्टिक भोजन लेना। अपने भोजन में अंकुरित अनाज, दालें, फल, हरी पत्तेदार सब्जियां और सलाद प्रचुर मात्रा में शामिल करें। दिन में कम से कम 10-20 गिलास पानी जरूर पिएं। इससे चेहरे की रौनक बढ़ेगी।
तनाव से बचें:-
सुंदरता का सबसे बड़ा दुश्मन है तनाव। तनाव से दूर ही रहें तो अच्छा है। हमेशा खुश रहने की कोशिश करें। अपने अंदर ही खुशी तलाशें। इतनी खुशी कहीं और आपको नहीं मिल पाएगी जितनी आपके अंदर छुपी है। उसे महसूस करेंगी तो आप खिल जायेंगी। इससे आपके रंग-रूप पर भी निखार आयेगा। आपका चेहरा भी नीरस नहीं होगा किन्तु यदि आप क्रोध में जली भुनी रहेंगी तो आप कितनी भी सुंदर हों, कोई भी आपकी तरफ आकर्षित नहीं हो पायेगा। आपका मधुर व्यवहार और मोहक हंसी सबका ध्यान आपकी ओर खींचेगी जिससे आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा।
नियमित योग और व्यायाम:-
नियम से प्रतिदिन योग और व्यायाम करने से स्वस्थ एवं सुंदर बना जा सकता है। इससे शरीर की अतिरिक्त चर्बी कम होती है जो हमारी सुंदरता में रोड़ा बन जाती है जबकि दिन में रोज एक बार योग या व्यायाम करने से हम फिट तो रहेंगे ही, हमारा मस्तिष्क भी सकारात्मक ही सोचेगा। इससे चेहरे पर भी नई चमक आयेगी।
स्वच्छ रहें:-
अगर आपकी त्वचा गोरी है, बाल लंबे और काले हैं, आंखें बड़ी हैं, चेहरा खूबसूरत है लेकिन शरीर से दुर्गन्ध आती हो, कुहनियां काली हों, बाल बिखरे-बिखरे और तेल चुपड़े हो, पैरों में बिवाइयां फटी हों तो आपको किसी भी एंगल से सुंदर नहीं कहा जा सकता। हाथ-पैरों की नियमित सफाई करें। यदि शरीर से पसीने की बदबू आती हो तो नहाने के पानी में गुलाब की पत्तियों या नींबू का रस मिला लें। नहाने के बाद पाउडर या डियो स्प्रे करना न भूलें।
यदि आप जरा सा अपना ध्यान रखेंगी तो अपने आप में कई बदलाव महसूस करेंगी। इससे आप खुद को तो सुंदर दिखेंगी ही, दूसरे भी आपकी तारीफ करते नहीं करेंगे। इससे आपमें आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
