युवा समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करें: राज्यपाल बागडे

0
sdfr21qa

जयपुर, 11 फरवरी (भाषा) राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने राष्ट्र, समाज तथा शिक्षा के प्रति कर्तव्य को प्राथमिकता देने का युवाओं से आग्रह करते हुए बुधवार को कहा कि नौजवान अपने विकास के साथ राष्ट्र को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करें।

बागडे ने जगतपुरा में आयोजित राजस्थान राज्य भारत स्काउट और गाइड के राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को अधिकारों की बजाय राष्ट्र, समाज तथा शिक्षा के प्रति कर्तव्य की भावना को प्राथमिकता देनी चाहिए।

उन्होंने राजस्थान को योद्धाओं की भूमि बताते हुए कहा, “यहां का व्यक्ति शौर्य, वीरता और साहस से जुड़ा है। यहां निरंतर लड़ाइयां हुई लेकिन मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व अर्पण की भावना रही है।”

राज्यपाल ने स्काउट गाइड से संबंधित युवाओं को अपनी परंपरा और संस्कृति से जुड़े रहने का आह्वान किया और आपात स्थितियों में स्काउट गाइड की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।

राज्य सरकार में मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि वह स्वयं स्काउट संगठन में रहे हैं। उनके मुताबिक, यह अनुशासन से जुड़ा युवाओं को प्रेरणा देने वाला संगठन है।

स्काउट गाइड के राज्य मुख्य आयुक्त निरंजन आर्य ने बताया कि अब तक जितनी भी राष्ट्रीय जंबूरियां हुई है, उन सभी में राजस्थान ने सर्वोच्च पदक प्राप्त करते हुए शिखर पर अपना स्थान बनाए रखा है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्र में लगभग 70 लाख स्काउट गाइड हैं, जिनमें से 18 लाख स्काउट गाइड के साथ राजस्थान सर्वोच्च स्थान रखता है।

इससे पहले राज्यपाल ने संगठन में उत्कृष्ट कार्यों और सतत सेवा के लिए प्रशिक्षण आयुक्त बन्ना लाल एवं जनसंपर्क प्रभारी नीरज जैन सहित अन्य कार्मिकों को ‘मेडल ऑफ मेरिट’ तथा श्रेष्ठ स्काउट गाइड को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *