डॉलर कमजोर होने से सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में मांग बढ़ने से सोने, चांदी में तेजी जारी

0
sxdewdswsaw

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) वैश्विक बाजारों में मज़बूती के रुख और डॉलर के कमजोर रहने के बीच, पिछले सप्ताह की भारी गिरावट के बाद, वायदा कारोबार में बुधवार को चांदी और सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेज़ी जारी रही।

मल्टी-कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) के अनुसार, मार्च डिलिवरी वाले चांदी के अनुबंध की कीमत 16,853 रुपये, यानी 6.29 प्रतिशत बढ़कर 2,84,868 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।

चांदी मंगलवार को लगातार तीन दिन की गिरावट के बाद 31,754 रुपये, यानी 13.4 प्रतिशत की तेज़ी के साथ 2,68,015 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

जिंस एक्सचेंज में सोने के वायदा भाव में भी अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई। अप्रैल अनुबंध वाले सोने की कीमत 5,868 रुपये, यानी 3.82 प्रतिशत बढ़कर 1,59,677 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।

पिछले सत्र में, सोने की कीमत 9,818 रुपये, यानी लगभग सात प्रतिशत बढ़कर 1,53,809 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के जिंस विश्लेषक मानव मोदी ने कहा, ‘‘पिछले कुछ सत्रों में भारी बिकवाली के बाद सोने और चांदी में तेज़ी से सुधार हुआ, जिसे डॉलर की कमज़ोरी से समर्थन मिला, हालांकि घरेलू बाज़ारों में बढ़त डॉलर-रुपये के कमज़ोर होने से सीमित रही।’’

उन्होंने आगे कहा कि पिछले तीन कारोबारी सत्रों में सोने में लगभग 15 प्रतिशत की गिरावट के बाद निवेशकों की दिलचस्पी वापस लौटी, जिससे सौदों की कमी पूरा करने के लिए लिवाली हुई।

मोदी ने कहा, ‘‘सोना 5,000 डॉलर से ऊपर कारोबार करने करने लगा, जबकि चांदी में आठ प्रतिशत से ज़्यादा की तेज़ी आई, जिससे बाज़ारों में जोखिम लेने की धारणा बेहतर हुई और कारोबारी धरणा में सुधार हुआ।’’

ऑगमोंट की शोध प्रमुख, रेनिशा चैनानी ने कहा, ‘‘सोने ने हाल के निचले स्तर से लगभग 15 प्रतिशत सुधार आया है, जबकि चांदी में लगभग 25 प्रतिशत का उछाल आया है, क्योंकि बिकवाली कम हुई और कम कीमतों का फ़ायदा उठाने के लिए खरीदार आगे आए।’’

उन्होंने आगे कहा कि भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से भी सुरक्षित निवेश के बतौर लिवाली को समर्थन मिला, जब अमेरिकी नौसेना ने अरब सागर में एक ईरानी ड्रोन को मार गिराया, जबकि निवेशक शुक्रवार को होने वाली परमाणु वार्ता के नए दौर का इंतज़ार कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *