गोवा के मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा की, सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया

0
asdert32q

पणजी, 12 फरवरी (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने अधिकारियों को राज्य में स्वास्थ्य सेवा वितरण को मजबूत करने के उद्देश्य से किए जाने वाले उपायों में तेजी लाने का निर्देश दिया है।

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने गंभीर मरीजों की देखभाल के लिए गहन चिकित्सा इकाई के विस्तार और कर्मचारियों की पर्याप्त नियुक्ति पर जोर दिया। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे भी उपस्थित थे।

एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया कि विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में गहन चिकित्सीय क्षमता बढ़ाने और आपातकालीन एवं ‘ट्रॉमा सेंटर’ के उन्नयन के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उन्होंने बताया कि मानव संसाधन की कमी को दूर करने के लिए सरकार ने अतिरिक्त चिकित्सा अधिकारियों, नर्स, ‘मल्टी-टास्किंग स्टाफ’ और तकनीशियनों की भर्ती करने का भी निर्णय लिया है।

अधिकारी ने बताया कि आपातकालीन प्रतिक्रिया को और मजबूत करने के लिए सरकार ‘आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी’ अधिकारियों की नियुक्ति करेगी, जबकि उप-जिला अस्पतालों में मानव संसाधन और बुनियादी ढांचे में मौजूदा कमियों को दूर किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे आवश्यकतानुसार तत्काल बुनियादी ढांचे का उन्नयन सुनिश्चित करने के लिए स्थल का दौरा करें।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शीघ्र ही सांगुएम (कुशावती जिला) में उप-जिला अस्पताल का उद्घाटन किया जाएगा। क्षेत्र में विशेष चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सांगुएम स्थित इस नए अस्पताल में एक ‘डायलिसिस यूनिट’ स्थापित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *