गावस्कर की अभिषेक को सलाह, पारी के शुरू में ‘एक्रॉस द लाइन’ शॉट खेलने से बचें

0
sunil-gavaskar_medium_2111_145

अहमदाबाद, 19 फरवरी (भाषा) दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर का मानना ​​है कि अभिषेक शर्मा मौजूदा टी20 विश्व कप में उम्मीदों के दबाव से जूझ रहे हैं और वह चाहते हैं कि यह आक्रामक सलामी बल्लेबाज अपनी पारी की शुरुआत में ‘एक्रॉस द लाइन’ शॉट खेलने से बचे।

अभिषेक ने टूर्नामेंट में अभी तक जो तीन मैच खेले हैं उनमें वह खाता खोलने में नाकाम रहे हैं। अमेरिका, पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ वह शुरू में ही आउट हो गए थे।

गावस्कर ने स्टार स्पोर्टस से कहा,‘‘अभिषेक शर्मा बहुत ही अच्छे इंसान हैं, लेकिन उन पर उम्मीदों का बोझ साफ दिख रहा है। अगर उन्होंने अमेरिका के खिलाफ अच्छी शुरुआत की होती तो बात कुछ और होती। अब बड़े छक्के लगाने वाला शीर्ष बल्लेबाज होने का दबाव उन पर साफ दिख रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अपनी बल्लेबाजी क्षमता को देखते हुए उन्हें क्रीज पर समय बिताना होगा। उन्हें अपनी पारी की पहली ही गेंद पर चौका या छक्का लगाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। अगर बड़े शॉट खेलने का मन करे तो ठीक है। लेकिन उन्हें ‘एक्रॉस द लाइन’ शॉट खेलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।’’

गावस्कर ने कहा कि इस 25 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज को अपनी पारी की शुरुआत में समझदारी से क्रिकेट खेलने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, ‘‘एक रन लो और अपना खाता खोलो। चार डॉट बॉल भी मायने नहीं रखतीं। वह बाद में उनकी भरपाई कर सकता है। उसे शुरुआत में समझदारी से खेलना होगा। एक-दो ओवर क्रीज पर पांव जमाने में बिताओ, फिर अपना स्वाभाविक खेल खेलो।’’

भारत ने बुधवार को शिवम दुबे की 31 गेंदों पर खेली गई 66 रन की पारी और वरुण चक्रवर्ती के 14 रन देकर तीन विकेट की बदौलत नीदरलैंड को 17 रन से हराकर ग्रुप ए में शीर्ष स्थान हासिल किया।

गावस्कर ने दुबे की जमकर तारीफ की और कहा कि बाएं हाथ के इस ऑलराउंडर को अपने खेल में सिर्फ एक शॉट जोड़ने की जरूरत है, जिससे वह बेहद खतरनाक बल्लेबाज बन जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘शिवम दुबे को गेंदबाजी करना बहुत मुश्किल है क्योंकि उनके पास कई तरह के शॉट खेलने की क्षमता है। आप उन्हें ऑफ स्टंप के बाहर गेंदबाजी कर सकते हैं, लेकिन फिर भी उनमें लॉन्ग ऑन के ऊपर से शॉट लगाने की क्षमता है। वह सिर्फ मिड-विकेट और स्क्वायर-लेग के ऊपर से शॉट लगाने की कोशिश नहीं करते। वह लॉन्ग ऑफ के ऊपर से भी शॉट लगा सकते हैं।’’

इस पूर्व कप्तान ने कहा, ‘‘अगर वह एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से इनसाइड आउट शॉट खेलने पर कड़ी मेहनत करता है तो वह एक बेहद खतरनाक बल्लेबाज बन जाएगा। तब वह गेंद को मैदान के किसी भी हिस्से में मार सकता है।’’

चक्रवर्ती के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए गावस्कर ने कहा कि यह स्पिनर इस प्रारूप में भारत के लिए एक महत्वपूर्ण गेंदबाज है।

उन्होंने कहा, ‘‘जसप्रीत बुमराह शुरुआत में गेंदबाजी करेंगे। अगर हार्दिक पंड्या शुरुआती ओवरों में एक-दो विकेट ले लेते हैं तो इससे काफी मदद मिलेगी। लेकिन भारत गेंदबाजी में काफी हद तक वरुण के चार ओवरों पर निर्भर रहेगा। सुपर आठ में विपक्षी टीम उनका सामना कैसे करती हैं, यह देखना बेहद दिलचस्प होगा।’’

गावस्कर चाहते हैं कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रविवार को होने वाले सुपर आठ के मैच में अर्शदीप सिंह की जगह अक्षर पटेल को अंतिम एकादश में शामिल किया जाए।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि अक्षर पटेल सुपर आठ में अंतिम एकादश में वापसी करेंगे। क्या वह अर्शदीप सिंह की जगह लेंगे, यह देखना बाकी है। वाशिंगटन अपनी जगह बरकरार रख पाएंगे या नहीं, इसके बारे में भी पक्के तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता। वाशिंगटन आठवें नंबर पर अच्छी बल्लेबाजी कर सकते हैं और मुझे लगता है कि उन्हें इसका फायदा मिल सकता है।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *