गेल महाराष्ट्र में पवन ऊर्जा परियोजना पर 1,736 करोड़ रुपये निवेश करेगी

0
asxcdfr32wds

दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की गैस कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड महाराष्ट्र में एक पवन ऊर्जा परियोजना स्थापित करने के लिए 1,736.25 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी ने वर्ष 2035 तक शुद्ध शून्य कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य रखा है और यह निवेश उसके नवीकरणीय ऊर्जा पोर्टफोलियो के विस्तार की दिशा में एक कदम है।

गेल ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि शुक्रवार को हुई निदेशक मंडल की बैठक में 178.2 मेगावाट क्षमता की पवन ऊर्जा परियोजना स्थापित करने के निवेश प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

अनुबंध मिलने के 24 महीनों के भीतर पूरी होने वाली यह परियोजना कंपनी के मौजूदा 117.95 मेगावाट के पोर्टफोलियो में इजाफा करेगी। इसके अलावा, कंपनी के पास राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में फैली 27 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजनाएं भी हैं।

वर्तमान में कंपनी की पवन ऊर्जा परियोजनाएं गुजरात (19.2 मेगावाट), कर्नाटक (38.1 मेगावाट) और तमिलनाडु (60.65 मेगावाट) में स्थित हैं। गेल भारत की सबसे बड़ी प्राकृतिक गैस पारेषण और विपणन कंपनी है। इसके पास लगभग 18,001 किलोमीटर का प्राकृतिक गैस पाइपलाइन नेटवर्क है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *