13 फरवरी : अमेरिकी बम वर्षक विमानों ने बगदाद के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया

0
id5fija8_russia-ukraine-war-reuters_625x300_16_January_23

नयी दिल्ली, 13 फरवरी (भाषा) इतिहास गवाह है कि युद्ध से कभी किसी का भला नहीं हुआ। इसमें हारने वाला तो नुकसान उठाता ही है, जीतने वाले को भी बहुत कुछ गंवाकर जीत हासिल होती है। इसके बावजूद इतिहास के ढेरों पन्ने युद्ध और हमले की घटनाओं से भरे पड़े हैं। वैसे युद्ध के भी अपने नियम होते हैं और किन्हीं दो देशों के बीच किसी भी तरह की आक्रामक कार्रवाई के दौरान इस बात का खास ध्यान रखा जाता है कि हमला दुश्मन देश के सैन्य ठिकाने पर ही हो और उसमें नागरिकों की जानमाल का नुकसान न हो।

यह तथ्य इतिहास में दर्ज है कि 1991 में 13 फरवरी को अमेरिका के बमवर्षक विमानों ने इराक के रिहायशी इलाकों पर कथित रूप से बमबारी की, जिसमें सैकड़ों लोगों की मौत हो गई। अमेरिका ने दावा किया कि उसने सैनिक बंकर को निशाना बनाया था, जबकि इराक का आरोप था कि अमेरिका ने रिहायशी इलाके को निशाना बनाया। मरने वालों में बहुत से बच्चे और महिलाएं शामिल थीं।

देश-दुनिया के इतिहास में 13 फरवरी की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1856 : ईस्ट इंडिया कंपनी ने लखनऊ के साथ अवध पर भी कब्जा जमाया।

1879 : सरोजनी नायडू का जन्म। उन्होंने देश के स्वतंत्रता संग्राम में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।

1945 : सोवियत संघ ने जर्मनी के साथ 49 दिन के युद्ध के बाद हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट पर कब्जा किया। युद्ध में एक लाख 59 हजार लोग मारे गये।

1966 : सोवियत संघ ने पूर्वी कजाकिस्तान में परमाणु परीक्षण किया।

1991 : इराक की राजधानी बगदाद पर अमेरिका के बमवर्षक विमानों ने बम बरसाए। इराक ने रिहायशी इलाके को निशाना बनाने का आरोप लगाया, जबकि अमेरिका ने इससे इनकार किया और उसे सैन्य बंकर करार दिया।

2001 : मध्य अमेरिकी देश अल सल्वाडोर में भूकंप से कम से कम 400 लोगों की मौत हुई। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.6 मापी गई।

1960 : फ्रांस ने सहारा के रेगिस्तान में पहला परमाणु बम परीक्षण किया।

2010 : अफगानिस्तान, अमेरिका और ब्रिटेन की सेनाओं ने अफगानिस्तान के माजराह इलाके को तालिबान के कब्जे से छुड़ाने के लिए एक व्यापक अभियान शुरू किया।

2019 : नाइजीरिया में आम चुनाव से पहले देश के राष्ट्रपति मोहम्मदू बुहारी की प्रचार रैली में भगदड़ मचने से 15 लोगों की मौत।

2020 : ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने भारतीय मूल के राजनेता ऋषि सुनक को नया वित्तमंत्री बनाया।

2022 : इंडोनेशिया के पूर्वी जावा प्रांत में चेतावनी के बावजूद 11 लोग समुद्र तट पर गए और तेज लहरों में बह गए।

2025 : ताइवान में ‘फूड कोर्ट’ में विस्फोट होने से चार लोगों की मौत, 26 अन्य घायल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *