प्रधानमंत्री नेतन्याहू से मिलने के लिए उत्साहित हूं, दीर्घकालिक संबंधों के मजबूत होने की आशा: मोदी

0
dfr3rfr43ed

नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि भारत और इजराइल एक मजबूत और बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी साझा करते हैं, जिसमें उल्लेखनीय वृद्धि और प्रगति देखी गई है। उन्होंने कहा कि वह इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ अपनी बातचीत को लेकर आशान्वित हैं।

प्रधानमंत्री बुधवार को दो दिवसीय यात्रा पर इजराइल के लिए रवाना हुए।

इजराइल यात्रा के लिए रवाना होने से पहले मोदी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि उनकी यह यात्रा भारत और इजराइल के बीच ‘‘स्थायी संबंधों’’ को और मजबूत करेगी, रणनीतिक साझेदारी के लिए नए लक्ष्य निर्धारित करेगी तथा एक सशक्त, नवोन्मेषी और समृद्ध भविष्य के लिए दोनों देशों के साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाएगी।

मोदी ने कहा कि अपने ‘‘प्रिय मित्र प्रधानमंत्री नेतन्याहू’’ के निमंत्रण पर वह इजराइल की यात्रा कर रहे हैं।

उन्होंने रवाना होने से पहले अपने वक्तव्य में कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ होने वाली चर्चाओं को लेकर आशान्वित हूं जिनका उद्देश्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी, नवाचार, कृषि, जल प्रबंधन, रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश के साथ लोगों के बीच आपसी संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में हमारे सहयोग को और मजबूत करना है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों नेता पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

इस यात्रा के दौरान मोदी इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से मुलाकात करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे इजराइल की संसद नेसेट को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होने का गौरव प्राप्त होगा। यह अवसर हमारे दोनों देशों को जोड़ने वाले मजबूत संसदीय और लोकतांत्रिक संबंधों के प्रति एक सम्मान होगा।’’

मोदी ने कहा कि वह इजराइल में भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों से बातचीत करने को लेकर उत्साहित हैं, जिन्होंने लंबे समय से भारत-इजराइल मित्रता को पोषित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *