दबाव में था पर इन हालात में बल्लेबाजी करना पसंद है: दुबे

0
dfr43ere32

अहमदाबाद, 18 फरवरी (भाषा) भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में नीदरलैंड के खिलाफ भारत की जीत के बाद कहा कि वह बल्लेबाजी करते हुए दबाव में थे लेकिन उन्हें इस तरह के हालात में बल्लेबाजी करना पसंद है।

भारत के 194 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड की टीम चक्रवर्ती (14 रन पर तीन विकेट) और शिवम दुबे (35 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने सात विकेट पर 176 रन ही बना सकी।

दुबे ने इससे पहले अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी के दौरान 31 गेंद में छह छक्कों और चार चौकों से 66 रन की पारी खेलने के अलावा हार्दिक पंड्या (21 गेंद में 30 रन, तीन छक्के) के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 गेंद में 76 रन की साझेदारी की जिससे भारत ने छह विकेट पर 193 रन बनाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव (34) और तिलक वर्मा (31) ने भी उपयोगी पारियां खेली।

मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए दुबे ने भारत की 17 रन की जीत के बाद कहा, ‘‘स्थिति थोड़ी मुश्किल थी लेकिन यह ऐसी स्थिति है जिसमें मुझे बल्लेबाजी करना पसंद है। मैं लुत्फ उठा रहा था। हालांकि मुझ पर दबाव था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘गेंद स्किड हो रही थी और नीची रह रही थी। एक गेंद काफी स्पिन भी हुई। मुझे पता था कि मैं बड़े शॉट खेल सकता हूं लेकिन स्थिति की मांग शुरुआत में कुछ अलग थी। मैं बाउंड्री मारने की कोशिश करता हूं और छक्के मारने में मजा आता है। मुझे पता है कि सभी गेंदबाज मुझे छकाने की कोशिश करेंगे। धीमी गेंद डालेंगे इसलिए मैंने खुद को तैयार किया।’’

दुबे ने कहा कि वह अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी पर भी काफी मेहनत कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि कप्तान और कोच ने मेरे से कहा था कि मुझे स्ट्राइक ऊंचा रखना है। लेकिन यह स्थिति पर भी निर्भर करता है। गेंदबाजी में कड़ी मेहनत कर रहा हूं। नतीजे भी आ रहे हैं। कभी-कभी आपके खिलाफ बड़े शॉट खेले जाएंगे लेकिन आप विकेट भी लेंगे।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *