तिरुवनंतपुरम, एक फरवरी (भाषा) न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि उनकी टीम टी20 विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए उपमहाद्वीप में अपने पिछले अनुभव और विभिन्न परिस्थितियों से तालमेल बिठाने की अपनी क्षमता पर भरोसा करेगी।
न्यूजीलैंड ने सात फरवरी से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप से पहले भारत के खिलाफ तीन वनडे और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले।
सैंटनर ने शनिवार को भारत के खिलाफ पांचवें टी20 मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमारे कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने हाल आईपीएल में या अपने करियर के दौरान चेन्नई में मैच खेले हैं। मुझे लगता है कि पिछले कुछ वर्षों में यह साबित हो गया है कि चेन्नई की पिच काफी अच्छी है।’’
न्यूजीलैंड को विश्व कप में अफगानिस्तान, यूएई, दक्षिण अफ्रीका और कनाडा के साथ ग्रुप बी में रखा गया है। वह ग्रुप चरण के तीन मैच चेन्नई में और एक मैच अहमदाबाद में खेलेगा। इनमें से उसके दो मैच सुबह 11 बजे शुरू होंगे, जबकि अन्य मैच दोपहर तीन बजे और शाम सात बजे शुरू होंगे।
सैंटनर ने कहा कि न्यूजीलैंड के पास इस चुनौती का सामना करने के लिए पर्याप्त संसाधन हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘दिन का खेल थोड़ा अलग होने वाला है। खिलाड़ियों को अपनी दिनचर्या में बदलाव करना होगा। उन्हें थोड़ा जल्दी जागने की कोशिश करनी होगी। लेकिन फिर भी यह हमारे लिए एक नई चुनौती है। हम लाल मिट्टी की पिच पर एक मैच खेलने के लिए अहमदाबाद जाएंगे और फिर हम काली मिट्टी की पिच पर खेलने के लिए चेन्नई जाएंगे। इसलिए यह थोड़ा अलग होगा।’’
सैंटनर ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमारी टीम को अलग-अलग तरह की परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना होगा। चेन्नई में हम तीन मैच खेलेंगे और हो सकता है कि वहां की पिच यहां की पिच की तुलना में अलग हो या फिर वैसी ही हो। और अगर ऐसा होता है, तो हमें पता है कि कैसे खेलना है।’’
सैंटनर ने कहा कि उनकी टीम भारत के खिलाफ टी20 श्रृंखला भले ही 1-4 से हार गई लेकिन टीम को विश्व कप में इसका काफी फायदा मिलेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस श्रृंखला में हमारी कड़ी परीक्षा हुई। हम जानते थे कि ऐसा ही होगा क्योंकि भारत की टीम बहुत अच्छी है और घरेलू मैदान पर उसका रिकॉर्ड शानदार है। लेकिन हमने बहुत अच्छी तैयारी की और इसलिए यह श्रृंखला हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण रही।’’
सैंटनर ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि नतीजे थोड़े निराशाजनक रहे, लेकिन सीखने के लिहाज से मुझे लगता है कि सभी ने, खासकर गेंदबाजों ने इस श्रृंखला से बहुत कुछ सीखा।’’