दिल्ली में घना कोहरा छाया, दृश्यता घटकर 100 मीटर हुई

0
sdfr32e3wa

नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार सुबह कोहरा छाया रहा जिससे धुंध के बीच यातायात धीमा हो गया और कई इलाकों में दृश्यता घट गई।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है।

सफदरजंग निगरानी केंद्र में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है; पालम केंद्र में 8.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि लोधी रोड में तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रिज केंद्र पर तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है और आयानगर में 10.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग ने बताया कि पालम और सफदरजंग दोनों जगहों पर दृश्यता घटकर 100 मीटर रह गई।

दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 256 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार 19 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में, 10 केंद्रों पर ‘बहुत खराब’ और 10 केंद्रों पर ‘मध्यम’ श्रेणी में थी।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *