दिल्ली जल बोर्ड ने मोटरसाइकिल सवार की मौत के मामले में जांच समिति गठित की: मंत्री प्रवेश वर्मा

0
sder3ewsaz

नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) ने एक मोटरसाइकिल सवार की मौत के मामले में जांच के लिए समिति गठित की है। व्यक्ति कथित तौर पर जल बोर्ड के निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे में गिर गया था।

वर्मा ने कहा कि जांच समिति आज शाम तक घटना के संबंध में एक रिपोर्ट पेश करेगी।

पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में शुक्रवार सुबह एक गड्ढे में गिरने से मोटरसाइकिल सवार कमल की मौत हो गई।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मंत्री वर्मा ने कहा, ‘‘दिल्ली जल बोर्ड ने घटना की पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया है। समिति को दुर्घटनास्थल का तुरंत निरीक्षण करने और सुरक्षा व्यवस्था, अवरोधक, संकेतक (साइनबोर्ड) और यातायात प्रबंधन की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है।’’

वर्मा ने कहा कि समिति सभी सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच करेगी, जहां भी चूक पाई जाएगी वहां जवाबदेही तय करेगी और सख्त सुधारात्मक एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश करेगी। दिल्ली के मंत्री ने कहा कि वह निर्माण स्थल का दौरा करेंगे।

दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने भी कहा कि दिल्ली सरकार ने घटना के संबंध में जांच के आदेश दे दिए हैं।

सूद ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘मैंने घटनास्थल का दौरा किया और मृतक के परिवारजनों से भी मिला। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी और पूरी दिल्ली सरकार दुख की इस घड़ी में इस परिवार के साथ खड़ी है। घटना की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं और दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी।’’

मृतक के परिवार ने दिल्ली जल बोर्ड के स्तर पर लापरवाही का आरोप लगाया है और साथ ही कमल की मौत में साजिश की आशंका भी जताई है।

पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में सूचना सुबह करीब सात बजे मिली जिसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव और मोटरसाइकिल गड्ढे के अंदर मिली।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान कैलाशपुरी निवासी कमल के रूप में हुई है जो एक निजी बैंक के कॉल सेंटर में काम करता था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दिल्ली जल बोर्ड के निर्माणस्थल पर यह गड्ढा खोदा गया था और वहां अवरोधक लगाए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *