नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार ने रविवार को 500 नयी इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई, जिससे दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के इलेक्ट्रिक वाहनों के बेड़े की कुल संख्या 4,000 हो गई है।
इस मौके पर गुप्ता ने कहा, ‘‘यह कदम न केवल शहर में परिवहन और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगा बल्कि वायु प्रदूषण को कम करने में भी मदद करेगा।’’
इस कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डीटीसी की योजना 2028 तक अपने कुल बस बेड़े को बढ़ाकर 14,000 करने की है।
उन्होंने कहा, ‘‘ये इलेक्ट्रिक बसें शहर की वायु गुणवत्ता और परिवहन आवश्यकताओं को बेहतर बनाने में मदद करेंगी। ये वातानुकूलित बसें हैं, जिनमें पैनिक बटन और कई अन्य सुविधाएं मौजूद हैं।’’
परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि दिल्ली और पानीपत के बीच तीन अंतरराज्यीय बस सेवाएं भी शुरू की गई हैं।
मुख्यमंत्री गुपता ने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार परिवहन क्षेत्र पर लगातार काम कर रही है। ऐसा ही एक कदम है निवासियों को दूर-दराज तक कनेक्टिविटी प्रदान करना। हमने हाल ही में इस संबंध में ‘भारत टैक्सी’ के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं और जल्द ही एक नयी इलेक्ट्रिक वाहन नीति और एक ई-रिक्शा नीति भी लागू की जाएगी।’’