साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स मई के अंत में भारत आएंगे

0
sderedsa

नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स दोनों देशों के बीच बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के प्रयासों के तहत मई के अंतिम सप्ताह में भारत की आधिकारिक यात्रा करेंगे। भारत में साइप्रस के उच्चायुक्त इवागोरस व्रायोनाइड्स ने यह जानकारी दी।

साइप्रस द्वारा यूरोपीय संघ परिषद की अध्यक्षता शुरू करने के अवसर पर ‘पीटीआई वीडियो’ से व्रायोनाइड्स ने कहा कि उच्च स्तरीय बैठकों का एक दौर दोनों पक्षों के बीच गहरी होती साझेदारी को रेखांकित करता है।

उन्होंने साइप्रस के विदेश मंत्री के अगले महीने भारत आने की भी घोषणा की, जिसके बाद मई में राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलाइड्स भारत की यात्रा करेंगे।

उच्चायुक्त ने कहा, ‘‘काफी गतिविधियां हो रही हैं और कई द्विपक्षीय दौरे हो रहे हैं, जो साइप्रस और भारत के बीच मजबूत प्रतिबद्धता तथा राजनीतिक जुड़ाव को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पिछले साल जून में साइप्रस यात्रा का जिक्र करते हुए व्रायोनाइड्स ने कहा कि यात्रा के दौरान अगले पांच वर्षों में सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों की पहचान की गई थी और एक संयुक्त कार्य योजना पर हस्ताक्षर किए गए थे।

उन्होंने कहा, ‘‘इन क्षेत्रों में पर्यटन, वाणिज्य, शिक्षा, ‘डेस्टिनेशन वेडिंग’, फिल्म उद्योग और रक्षा शामिल हैं।’’

साइप्रस ने 2026 के पहले छह महीनों के लिए यूरोपीय संघ परिषद की अध्यक्षता संभाली है।

व्रायोनाइड्स ने भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे (आईएमईसी) के रणनीतिक महत्व पर भी जोर दिया और इसे ‘‘भारत और यूरोप के बीच संपर्क बढ़ाने के उद्देश्य से सबसे आशाजनक भू-रणनीतिक पहल’’ बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *