माकपा ने वामपंथी विचारधारा से दूरी बनाकर धुर दक्षिणपंथी रुख अपना लिया है: सतीशन

0
asdwdew

कन्नूर (केरल), नौ फरवरी (भाषा) केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी. डी. सतीशन ने सोमवार को सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर वामपंथी विचारधारा से दूरी बनाने और धुर दक्षिणपंथी रुख अपनाने का आरोप लगाया।

सतीशन ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए माकपा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक ही सिक्के के दो पहलू होने का दावा करते हुए आरोप लगाया कि माकपा “दक्षिणपंथी पार्टी की तरह समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रही है।”

उन्होंने कहा कि केरल में माकपा संघ परिवार की राह पर चल रही है।

सतीशन ने दावा किया कि माकपा ने अल्पसंख्यक और बहुसंख्यक समुदायों का राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार तुष्टिकरण करके दोनों के साथ प्रयोग किया।

उन्होंने कहा, “पिछले संसदीय चुनाव के दौरान वे अल्पसंख्यकों के तुष्टिकरण में लग गए थे। इसके बाद उन्होंने बहुसंख्यकों के तुष्टिकरण का प्रयास किया। स्थानीय निकाय चुनाव के बाद वे अब इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि किसका तुष्टिकरण किया जाए।”

सतीशन ने दावा किया कि वामपंथ समर्थक माकपा के राजनीतिक रुख में आए बदलाव से अवगत हैं।

उन्होंने कहा, “माकपा ने वामपंथी विचारधारा से दूरी बनाकर धुर दक्षिणपंथी रुख अपना लिया है। माकपा और उसकी सरकार दोनों ने अब धुर दक्षिण पंथी रुख अपना रखा है।”

मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर निशाना साधते हुए सतीशन ने आरोप लगाया कि जहां भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री निर्देश देते हैं, विजयन वहीं पर हस्ताक्षर कर देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *