प्रकृति ने अपने सभी जीवों को सुंदर बनाया है, फिर भी मानव सुन्दरतम बनने के लिए अनेक उपायों को करना चाहता है। सुन्दरतम दिखने की सबसे अधिक लालसा नारियों में होती है। वे इस प्रयास में अनेक बाजारी प्रसाधनों का इस्तेमाल करना प्रारंभ कर देती हैं। उन्हें शायद यह नहीं मालूम होता कि सौंदर्य प्रसाधनों में मिले हुए सिन्थेटिक पदार्थ उनके रूप-रंग के साथ-साथ त्वचा को भी अत्यन्त हानि पहुंचाते हैं।
हर्बल सौंदर्य प्रसाधनों के साथ ही आयुर्वेदिक घरेलू उपचार व सौंदर्य सामग्रियों का इस्तेमाल गुणकारी तो होता ही है, साथ ही इनका त्वचा पर कोई प्रतिकूल प्रभाव भी नहीं पड़ता। सिन्थेटिक एवं कैमिकल युक्त पदार्थों का असर जल्द दिखाई तो देता है परन्तु वह चला भी जल्द ही जाता है। प्राकृतिक पदार्थों का लगातार इस्तेमाल करते रहने से उनका असर बरकरार रहता है।
ब्यूटी पार्लर में जाकर धन एवं स्वास्थ्य के साथ-साथ समय की भी बर्बादी करने से अच्छा है कि अपने रसोईघर में उपस्थित वस्तुओं से ही अपना उपचार किया जाए तो निश्चय ही दोहरा फायदा उठाया जा सकता है। आइए आपको कुछ ऐसे अनुभूत नुस्खों से परिचित करवा दूं जिससे आप अपने रसोईघर में ही अपनी सुन्दरता बढ़ा सकती हैं।
आलू का प्रयोगः-
आलू का प्रयोग सिर्फ सब्जी बनाने के लिए ही नहीं है, बल्कि त्वचा के दाग मिटाने में भी इसका जवाब नहीं है। आलू को अच्छी तरह धोकर उसे छील लें और कूटकर कपड़े में छानकर रस निकाल लें। इस रस को त्वचा पर लगाने से त्वचा के सभी दाग मिट जाते हैं। आंखों के चारों ओर हुए काले धब्बों को भी इसका रस मिटा डालता है।
आलू को गोल-गोल चिप्स की तरह काटकर आंखों पर रखकर 15-20 मिनट तक लेटे रहने से आंखों का तनाव मिटता है। आंखों मंे अगर सूजन हो, तो उसमें भी यह आराम देता है। आलू के रस से झाई, मुंहासों आदि को आसानी से समाप्त किया जा सकता है।
अंडे का प्रयोगः-
अधिकांश घरों में अंडा प्रायः उपलब्ध रहता ही है। अंडे के पैक से चेहरा तरोताजा हो जाता है। एक अंडे को अच्छी तरह फेंट लें एवं उसे अपने चेहरे पर लगाकर बीस मिनट तक छोड़ दें, फिर पानी से अच्छी तरह धो लें। इस विधि से रोमकूपों को मजबूती मिलती है तथा त्वचा को भी फायदा पहुंचता है।
अंडे का सफेद हिस्सा बहुत ही अच्छा क्लींजर का काम करता है। स्नान से आधे घंटे पहले इसे फेंटकर बालों में लगाकर छोड़ दें एवं शैम्पू कर लें। अंडे के साथ अगर आप दो चम्मच ब्रांडी भी फेंट लेती हैं तो बहुत ही उपयोगी सिद्ध होगा। इसके अलावा मेंहदी (जो बालों में लगाती हैं) को भी अगर फेंट लिया जाय तो अधिक उपयोगी हो जाता है।
नींबू का प्रयोगः-
नींबू विटामिन ‘सी‘ की प्रचुरता के कारण अनेक गुणों को रखने वाला होता है। इसे सौंदर्य का सरताज भी माना जाता है। ठुड्डी, एड़ी, कोहनी आदि जहां कहीं भी काले दाग पड़ जाते हों, वहां नींबू के रस को रगड़ने से फायदा होता है। अंडे के सफेद हिस्से के साथ नींबू का रस मिलाकर चेहरे पर भी लगाया जा सकता है। इससे चेहरे के रंग में निखार आता है।
नमक का प्रयोगः-
गुनगुने पानी में एक चुटकी नमक डालकर आखों को धोने से आंखों की चमक बढ़ जाती है। सूजन एवं थकान से भी राहत मिलती है। बारी-बारी से एक बार नमक पानी एवं दूसरी बार नमक रहित गुनगुने पानी में रूई डुबोकर आंखों पर रखने से आंखों को तनाव से मुक्ति मिलती है। गरम पानी में तीन चम्मच नमक (या अधिक पानी में अधिक नमक) डालकर उसमें पैरों को डुबोने से थकान एवं दर्द से राहत मिलती है।
चाय का प्रयोगः- ठंडे चाय के पानी में रूई डुबोकर आंखों के ऊपरी भाग पर लगाने से आंखों की थकान मिटती है। इस्तेमाल की गयी चाय की पत्तियां दुबारा भी काम में लायी जा सकती हैं। इन्हीं पत्तियों को ढेर सारे पानी में उबाल कर ठंडा कर लें एवं शैम्पू करने के बाद इसी उबली पत्ती के पानी से बालों को धोयें। इससे बाल चमकीले दिखाई देते हैं। चाय की पत्ती को उबालकर उसे चटनी की तरह पीसकर उसमें दस बूंद शहद (शुद्ध) मिला दीजिए। इस तैयार लोशन से प्रतिदिन तीस मिनट तक स्तनों की मालिश करने से स्तनों का सौंदर्य बढ़ता है तथा उसमें कठोरता आती है।
शहद का प्रयोगः-
शहद काफी हद तक सौंदर्य बरकरार रखने में आपकी मदद कर सकता है। इसे सबसे अच्छे मॉइश्चराइजर का खिताब भी हासिल है। शहद के इस्तेमाल से त्वचा मुलायम बनती है व त्वचा की नमी संतुलित रहती है। तेलयुक्त त्वचा के लिए अच्छी तरह फेंटे हुए अंडे के सफेद हिस्से में शहद मिलाकर लगाइये। रूखी त्वचा के लिए इसी सामग्री में थोड़ी-सी दूध की मलाई भी मिला लीजिए। नहाने के पानी में अगर एक चम्मच शहद मिला लिया जाए तो थकान एवं तनाव दूर हो जाता
है।
दही का प्रयोगः-
दही को सफाई का मास्टर कहा जाता है। दही को सिर पर, चेहरे पर, हाथ-पैरों पर लगा कर मलने से त्वचा में निखार आता है। दही को चेहरे पर लगाकर बीस मिनट तक छोड़़ दीजिए। उसके बाद चेहरे को ठंडे पानी से धो लीजिए। सिर में दही का लेप लगाकर आधे घंटे तक छोड़ दीजिए, उसके बाद सिर को धो लीजिए। इससे आपके बाल रेशम की तरह मुलायम हो जाएंगे। दही में बेसन मिलाकर उसका उबटन बनाकर समूचे देह में मलने से बदन से आने वाली दुर्गन्ध गायब हो जाती है।
गाजर का प्रयोगः-
संवेदनशील त्वचा के लिए गाजर बहुत ही उपयोगी मानी जाती है। गाजर को उबालकर उसे अच्छी तरह मसल लें एवं उसका मास्क इस्तेमाल करें। गाजर के कच्चे रस में बराबर मात्रा में प्याज का रस मिलाकर स्तनों पर रगड़ने से स्तन सुदृढ़ होते हैं। समान भाग में दोनों रसों को मिलाकर नियमित पीते रहने से चेहरे की आभा मोती के समान चमकने लगती है। गाजर के रस में समान मात्रा में पुदीने का रस मिला कर चेहरे पर मलने से त्वचा का रूखापन दूर हो जाता है।
