आलाकमान का स्पष्ट संकेत, नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं होगा : सिद्धरमैया के बेटे

0
sde3wqsasaq

मैसुरु, छह फरवरी (भाषा) कांग्रेस नेता यतींद्र सिद्धरमैया ने शुक्रवार को दावा किया कि पार्टी आलाकमान ने स्पष्ट संकेत दिया है कि राज्य में नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं होगा और उनके पिता सिद्धरमैया पूरे पांच साल तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद पर बदलाव का मुद्दा सुलझ चुका है और आलाकमान ने अब तक परिवर्तन की मांगों को स्वीकार नहीं किया है।

मुख्यमंत्री के बेटे के दावों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने कहा, ‘‘यतींद्र हमारे आलाकमान हैं, आइए हम उनकी बातों को बहुत सम्मानपूर्वक स्वीकार करें।’’

उन्होंने मंगलुरु में पत्रकारों से कहा, ‘‘एक बार जब उन्होंने (यतींद्र) कह दिया, तो यह ऐसा है, जैसे आलाकमान ने कह दिया हो। चलिए यतींद्र को ही आलाकमान मान लेते हैं…मैं यतींद्र या बसवराज (कांग्रेस विधायक वी बसवराज) पर प्रतिक्रिया नहीं देना चाहता। अगर किसी को प्रतिक्रिया देनी है, तो हमारे दिल्ली के नेताओं को प्रतिक्रिया देनी होगी।”

प्रदेश की कांग्रेस सरकार के 20 नवंबर, 2025 को अपने पांच साल के कार्यकाल का आधा सफर तय करने के साथ मुख्यमंत्री पद पर बदलाव की अटकलें लगने लगीं। वर्ष 2023 में सरकार के गठन के समय सिद्धरमैया और शिवकुमार के बीच कथित ‘‘सत्ता-साझाकरण’’ व्यवस्था से इन अटकलों को और हवा मिली।

नेतृत्व परिवर्तन से संबंधित एक प्रश्न पर यतींद्र ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मीडिया के अलावा राजनीतिक हलकों में इस पर कोई चर्चा नहीं हो रही। यह मुद्दा सुलझ चुका है। राज्य में ध्यान देने योग्य कई मुद्दे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बजट पेश होने वाला है। वित्तीय स्थिति ऐसी है कि हमें पहले की तरह राजस्व नहीं मिल रहा। केंद्र सरकार राज्य को उसके हिस्से का कोष ठीक से नहीं दे रही है। इसलिए हमें इस पर ध्यान देना होगा।’’

नेतृत्व के मुद्दे पर किसी भी तरह का कोई भ्रम न होने का जिक्र करते हुए विधान परिषद के सदस्य यतींद्र ने कहा, ‘‘मेरे अनुसार, आलाकमान ने भले खुलकर कुछ न कहा हो, लेकिन उन्होंने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं होगा। इसलिए मेरा मानना ​​है कि सिद्धरमैया पांच साल तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *