डीजीसीए की जांच पूरी होने तक इंतजार करें : मुख्यमंत्री फडणवीस

0
r432wqas

मुंबई, 11 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत के मामले में नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की जांच जारी है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने का इंतजार किया जाना चाहिए।

फडणवीस ने कहा कि विमान का ‘ब्लैक बॉक्स’ बरामद कर लिया गया है और सभी पहलुओं से जांच शुरू हो चुकी है।

पुणे जिले के बारामती में हवाई पट्टी के पास 28 जनवरी को लियरजेट विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें अजित पवार चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।

मुख्यमंत्री ने डीजीसीए द्वारा की जा रही इस हादसे की जांच को “बेहद महत्वपूर्ण” बताते हुए कहा कि इसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जाना चाहिए।

फडणवीस यहां संवाददाताओं को अजित पवार के भतीजे और विधायक रोहित पवार द्वारा उठाए गए सवालों के संबंध में पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रहे थे।

रोहित पवार ने मंगलवार को विमान दुर्घटना से पहले की घटनाओं के क्रम को लेकर कई सवाल उठाए थे और मामले की व्यापक जांच की मांग की थी।

फडणवीस ने कहा, “मैंने व्यक्तिगत रूप से रोहित पवार का बयान नहीं सुना है, लेकिन मुझे इस बारे में थोड़ी बहुत जानकारी है। मेरा मानना है कि यदि किसी को कोई संदेह है तो उसे दूर किया जाना चाहिए। भारतीय कानून के तहत उपलब्ध जांच एजेंसियों ने ऐसे मामलों में अपेक्षित जांच पहले ही शुरू कर दी है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पहले व्यक्ति थे जिन्होंने केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय को पत्र लिखकर इस दुर्घटना की विस्तृत जांच की मांग की थी।

उन्होंने कहा, “यदि हमारे विमानन क्षेत्र में किसी प्रकार की त्रुटि या कमी रही है, तो उससे सीख लेकर उसे दूर किया जा सकता है और आम नागरिकों तथा जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *