चेन्नई, 17 फरवरी (भाषा) कनाडा के भारतीय मूल के 19 साल के बल्लेबाज युवराज सामरा ने टी20 विश्व कप इतिहास में शतक जमाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
सामरा ने मंगलवार को यहां ग्रुप डी मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 65 गेंदों में करियर की सर्वश्रेष्ठ 110 रन की पारी खेली।
क्रिकेट के शौकिन पिता बलजीत सामरा ने उनका नाम धाकड़ भारतीय बल्लेबाज युवराज सिंह के नाम पर रखा था।
सामरा का जन्म कनाडा के ब्रैम्पटन में हुआ था और उनके पिता बलजीत हमेशा उनके लिए प्रोत्साहन का निरंतर स्रोत रहे।
पिछले साल मार्च में पदार्पण करने वाले सामरा ने अपने 19वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में यह उपलब्धि हासिल की।
सामरा ने अपनी तूफानी पारी के दौरान 11 चौके और छह छक्के जड़े, जिसकी बदौलत कनाडा ने ऊंची रैंकिंग वाली प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ 173 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।
वह अंतिम ओवर में जैकब डफी पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हुए।
उनकी यह पारी टी20 विश्व कप में किसी एसोसिएट टीम के बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी है।
इससे पहले टी20 विश्व कप में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के अहमद शहजाद के नाम था, जिन्होंने 2014 में 22 वर्ष की आयु में यह उपलब्धि हासिल की थी।