बजट भारत को वैश्विक बायो-फार्मा विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम: सम्राट चौधरी

0
sdrt5678uygfd

पटना, एक फरवरी (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को लोकसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट (2026-27) की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट “भारत को वैश्विक बायो-फार्मा विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम” है।

केंद्रीय वित्त मंत्री ने ‘बायो फार्मा शक्ति’ कार्यक्रम के माध्यम से भारत के बायोफार्मास्यूटिकल क्षेत्र को बड़ा प्रोत्साहन देने का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत अगले पांच वर्षों में 10,000 करोड़ रुपये के आवंटन का प्रावधान किया गया है। वित्त मंत्री ने कहा है कि इस पहल का उद्देश्य ‘बायोफार्मास्यूटिकल्स’ और ‘बायोसिमिलर्स’ (जैविक दवाओं के समान ही सुरक्षित और प्रभावी, लेकिन किफायती) के लिए एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करना है, जिससे इस क्षेत्र में घरेलू विनिर्माण और नवाचार क्षमता को सुदृढ़ किया जा सके।

चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “भारत को वैश्विक बायो-फार्मा विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है। अगले पांच वर्षों में 10,000 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ ‘बायो फार्मा शक्ति परियोजना’ ‘बायोलॉजिक्स’ और ‘बायोसिमिलर’ दवाओं के घरेलू उत्पादन के लिए एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करेगी। इससे न केवल भारत स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा, बल्कि वैश्विक फार्मा उद्योग में भी अग्रणी स्थान सुनिश्चित करेगा।”

उन्होंने कहा कि यह पहल रोजगार सृजन, आयात पर निर्भरता कम करने और आम लोगों को किफायती दवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी। यह आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *