जम्मू, 11 फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर विधानसभा में बुधवार को दूसरे दिन भी हंगामा देखने को मिला जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों ने उनके खिलाफ ‘‘असंसदीय’’ टिप्पणियों के लिए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से माफी मांगने की मांग की और विरोध में सदन से बाहर चले गए।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायक शाम लाल शर्मा खड़े हुए और मांग की कि सदन के नेता को माफी मांगनी चाहिए या मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में अध्यक्ष द्वारा एक बयान जारी किया जाना चाहिए।
अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने भाजपा सदस्यों को यह समझाने की कोशिश की कि प्रश्नकाल को जारी रहने दिया जाए और सदन के नेता के उपस्थित होने पर इस मुद्दे को उठाया जाए।
स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू ने भी विशेष रूप से उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी के खिलाफ असंसदीय शब्दों का प्रयोग करने का भाजपा सदस्यों पर आरोप लगाया।
चौधरी ने अध्यक्ष को सुझाव दिया कि दोनों पक्षों द्वारा प्रयुक्त सभी असंसदीय शब्दों की जांच की जाए और कार्यवाही को बिना किसी व्यवधान के जारी रखने के लिए इन्हें रिकॉर्ड से हटा दिया जाए।
विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने इस सुझाव का विरोध किया और बाद में ‘‘अपमानजनक सरकार है’’, ‘‘असंसदीय सरकार है’’ और ‘‘भारत माता की जय’’ जैसे नारे लगाते हुए सदन से बहिर्गमन कर दिया।