बिहार का एथेनॉल कोटा शीघ्र बढ़ेगा : उद्योग मंत्री

0
sdcfgtr43eds

पटना, 23 फरवरी (भाषा) बिहार के उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि राज्य के लिए एथेनॉल कोटा बढ़ाने का आग्रह केंद्र सरकार से किया गया है और इस दिशा में सकारात्मक सहमति बनी है।

जायसवाल ने बताया कि कुछ दिन पहले उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की थी। बैठक में राज्य की विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एथेनॉल कोटा बढ़ाने पर सहमति बनी है।

गायघाट से जदयू के विधायक कोमल सिंह के प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने कहा कि केंद्र के साथ औपचारिक समझौते के तहत राज्य में 11 समर्पित एथेनॉल संयंत्र संचालित हैं, जबकि आठ अन्य संयंत्र बिना औपचारिक करार के स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा, “राज्य में किसी भी संयंत्र को बंद नहीं होने दिया जाएगा।”

मंत्री ने बताया कि केंद्र ने बिहार के लिए 46 करोड़ लीटर एथेनॉल का कोटा निर्धारित किया है। फिलहाल तेल विपणन कंपनियां 35 करोड़ लीटर की खरीद कर रही हैं और शेष 11 करोड़ लीटर की खरीद भी शीघ्र शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *