कोलंबो, 10 फरवरी (भाषा) हाल के खराब प्रदर्शन और दो प्रमुख तेज गेंदबाजों के चोटिल होने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया की टीम आयरलैंड के खिलाफ बुधवार को यहां होने वाले टी20 विश्व कप मैच में जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी।
पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेज़लवुड आधुनिक क्रिकेट की सबसे मजबूत तेज गेंदबाजी इकाइयों में से एक हैं और ऑस्ट्रेलिया को इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में उनकी कमी खलेगी।
जहां कमिंस और हेज़लवुड चोटों के कारण बाहर हो गए, वहीं बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्टार्क ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस प्रारूप से संन्यास ले लिया है।
उनकी अनुपस्थिति में नाथन एलिस तेज गेंदबाजी आक्रमण का नेतृत्व कर सकते हैं, लेकिन उन पर भी चोट का साया मंडरा रहा है। हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण बिग बैश लीग (बीबीएल) के फाइनल से बाहर रहने के बाद से उन्होंने अभी तक एक भी मैच नहीं खेला है।
अनुभवी लेग स्पिनर एडम ज़म्पा कमर की चोट से उबरकर टूर्नामेंट में प्रवेश कर रहे हैं। उपमहाद्वीप की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए ज़म्पा टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदों के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे।
ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी बार 2022 में यह टूर्नामेंट जीता था। पिछली बार उसकी टीम सेमीफाइनल में भारत से हार गई थी।
अनुभवी ज़म्पा अपने साथी स्पिनरों कूपर कॉनॉली और मैट कुहनेमैन के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलिया की स्पिन आक्रमण को मजबूत करेंगे। ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप चरण के अपने चारों मैच श्रीलंका में खेलने हैं।
ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी इकाई निस्संदेह अतीत की तुलना में कमजोर दिखती है। ऑस्ट्रेलिया के पास बल्लेबाजी में जरूरी मजबूती है और टीम में काफी ऑलराउंडर भी हैं जो विरोधी टीमों को परेशान कर सकते हैं।
ऑस्ट्रेलियाई चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने कहा था कि कुछ खिलाड़ियों के चोटिल होने के कारण बाहर हो जाने के बावजूद उनके पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो भारत और श्रीलंका की परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करने में सक्षम हैं।
ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी काफी मजबूत है जिसमें ट्रैविस हेड, कप्तान मिचेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, कैमरन ग्रीन, जोश इंग्लिस और मार्कस स्टोइनिस जैसे खिलाड़ी हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने अपने पिछले पांच पूरे खेले गए मैचों में से कोई भी मैच नहीं जीता है, जिसमें पाकिस्तान में 0-3 से करारी हार भी शामिल है। उसे भारत से भी 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था।
आयरलैंड के खिलाफ अच्छी शुरुआत ग्रुप चरण में उसके प्रदर्शन को सुनिश्चित करने में काफी मददगार साबित हो सकती है।
पॉल स्टर्लिंग की कप्तानी में आयरलैंड को ग्रुप बी के अपने पहले मैच में टूर्नामेंट के सह-मेजबान श्रीलंका से 20 रन से हार का सामना करना पड़ा था और अब उसे ऑस्ट्रेलिया की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
आयरलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसे जीत हासिल करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
आयरलैंड की टीम में 15 खिलाड़ियों में से 12 खिलाड़ी ऐसे हैं जो पिछले टी20 विश्व कप में भी खेले थे। उसकी टीम में टिम टेक्टर, बेन कैलिट्ज़ और मैथ्यू हम्फ्रीज़ नए खिलाड़ी हैं।
आयरलैंड इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में नौवीं बार भाग ले रहा है। उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2009 और 2022 में रहा था जब उसने पूर्व चैंपियन वेस्टइंडीज और इंग्लैंड को हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई थी। आयरलैंड निश्चित तौर पर इससे प्रेरणा लेने की कोशिश करेगा।
टीम इस प्रकार हैं:
ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनॉली, टिम डेविड, बेन ड्वार्शियस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम ज़म्पा।
आयरलैंड: पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), मार्क एडायर, रॉस एडायर, बेन कैलिट्ज़, कर्टिस कैम्फर, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हम्फ्रीज़, जोश लिटिल, बैरी मैकार्थी, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर, लोरकान टकर, बेन व्हाइट, क्रेग यंग।
मैच भारतीय समयानुसार दोपहर बाद तीन बजे शुरू होगा।
