हैदराबाद, फोकस न्यूज़ नारायणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील गहलोत ने अशोक सेन को तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। अशोक सेन राजस्थान के झुंझुनू जिले के पचेरी कलां के मूल निवासी हैं तथा वर्तमान में हैदराबाद में निवासरत हैं।
अशोक सेन सामाजिक, संगठनात्मक एवं राजनीतिक क्षेत्रों में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वर्तमान में वे राष्ट्रीय हिन्दू वाहिनी संघ के तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त वे तेलंगाना जन चेतना नाई ब्राह्मण सेवा संगम में प्रदेश महासचिव तथा भारतीय मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग के तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। वे भारतीय जनता पार्टी से भी सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अशोक सेन ने नारायणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील गहलोत के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का वे पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा समाजसेवा और संगठन के विस्तार हेतु निरंतर कार्य करेंगे।
उनकी नियुक्ति से संगठन में नई ऊर्जा और मजबूती आने की अपेक्षा व्यक्त की जा रही है।