कोलकाता, 17 फरवरी (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को पश्चिम बंगाल के मायापुर स्थित इस्कॉन मंदिर में एक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए संक्षिप्त यात्रा करेंगे। उनके कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि शामिल नहीं है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, यह दौरा पूरी तरह धार्मिक प्रकृति का है और हाल के महीनों में राज्य की यह शाह की सबसे संक्षिप्त यात्रा होगी। वे नदिया जिले में स्थित मंदिर परिसर में लगभग दो घंटे बिताएंगे।
मायापुर, अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) का वैश्विक मुख्यालय है। संभावित कार्यक्रम के अनुसार, शाह के दोपहर में कोलकाता हवाई अड्डे पर पहुंचने और हेलीकॉप्टर से मायापुर जाने की उम्मीद है।
वह आध्यात्मिक नेता की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में सभा को संबोधित करेंगे। आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम धार्मिक और सांस्कृतिक दोनों ही प्रकार का होगा और इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि इस दौरे के दौरान किसी भी राजनीतिक बैठक या रैली की योजना नहीं है। हालांकि, भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के कई वरिष्ठ नेताओं के भी मंदिर में उनके साथ रहने की उम्मीद है।
मंदिर परिसर के अंदर, मंत्री इस्कॉन के संस्थापक ए सी भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने से पहले भगवान नरसिंह, चैतन्य महाप्रभु और राधा-माधव के मंदिरों में पूजा अर्चना सहित अनुष्ठानों में भाग लेंगे।