कीव, छह फरवरी (एपी) अमेरिका और रूस ने बृहस्पतिवार को चार वर्ष से अधिक समय बाद उच्च स्तरीय सैन्य संवाद फिर से स्थापित करने पर सहमति जताई। इसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा सत्ता में लौटने और यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों के बीच दोनों देशों के रिश्तों में नरमी का एक और संकेत माना जा रहा है।
मॉस्को और वाशिंगटन के बीच बढ़ते तनाव के चलते फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के आक्रमण से पहले, 2021 के अंत में उच्चस्तरीय सैन्य संपर्क निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के चुनाव अभियान में युद्ध को शीघ्र समाप्त करने का वादा किया था। शांति को लेकर उनके कई प्रस्तावों को रूस के पक्ष में माना गया है, जिनमें यूक्रेन से रूस को क्षेत्र सौंपने की शर्त भी शामिल है।
अमेरिकी यूरोपीय कमांड ने एक बयान में कहा कि बहाल किया गया यह संपर्क “स्थायी शांति की दिशा में काम जारी रहने के दौरान दोनों पक्षों के बीच निरंतर सैन्य संवाद उपलब्ध कराएगा।” यह सहमति संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी में वरिष्ठ अमेरिकी और रूसी सैन्य अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद बनी।
अमेरिकी जनरल एलेक्सस ग्रिनकेविच यूरोप में अमेरिकी और नाटो बलों के कमांडर हैं और वह अबू धाबी में मौजूद थे, जहां युद्ध समाप्त करने को लेकर अमेरिकी, रूसी और यूक्रेनी अधिकारियों के बीच वार्ता दूसरे दिन भी हुई।
इस बीच, मॉस्को ने यूक्रेन के बिजली ग्रिजी पर अपने हमले तेज कर दिए हैं। इसे आम नागरिकों को बिजली से वंचित करने और युद्ध के लिए जनसमर्थन को कमजोर करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, यूक्रेन के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में करीब 1,000 किलोमीटर लंबी अग्रिम सीमा पर संघर्ष जारी है।