कोच्चि, 17 फरवरी (भाषा) शबरिमला सोना चोरी मामले के संबंध में पूछताछ के लिए मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुए अभिनेता जयराम ने कहा कि इस प्रकरण में शामिल सभी लोगों को पकड़ा जाना चाहिए और भगवान अयप्पा दोषियों को नहीं बख्शेंगे।
ईडी ने इस महीने की शुरुआत में मंदिर से कथित तौर पर सोने की चोरी से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के सिलसिले में अभिनेता को समन जारी किया था।
जयराम ने यहां ईडी कार्यालय के बाहर पत्रकारों से कहा कि देश भर में हजारों मंदिर होने के बावजूद, शबरिमला हर भारतीय के दिल में एक विशेष स्थान रखता है, क्योंकि वहां जाति या धर्म की परवाह किए बिना सभी का स्वागत किया जाता है।
उन्होंने कहा कि अगर वहां ऐसा कोई ‘‘घोटाला’’ हुआ है, तो ‘‘इसे सबके सामने लाया जाना चाहिए’’ और केरल के प्रत्येक व्यक्ति का यह कर्तव्य है कि वह ऐसा करने में मदद करे।
जयराम ने कहा, ‘‘मैं भी एक ऐसा मलयाली हूं जो इसमें मदद करने के लिए स्वयं को बाध्य महसूस करता हूं। पिछले 10-38 वर्षों में, मुझे कई मंदिरों में विभिन्न पूजा कार्यक्रमों और अन्य धार्मिक समारोहों के लिए आमंत्रित किया गया है, तथा मैं उनमें से यथासंभव अधिक से अधिक में भाग लेता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसी तरह मुझे शबरिमला की कलाकृतियों से संबंधित एक पूजा के लिए बुलाया गया था। मुझे (उन्नीकृष्णन पोट्टी और अन्य लोगों द्वारा) ऐसी पूजाओं के लिए कई बार बुलाया गया था।’’
अभिनेता ने कहा कि अगर ईडी को उनसे कोई उपयोगी जानकारी मिलती है तो यह अच्छी बात होगी, क्योंकि इससे सच्चाई सामने लाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल सभी लोगों को पकड़ा जाए और भगवान अय्यप्पा उन्हें नहीं बख्शेंगे नहीं।
पिछले महीने, जयराम से विशेष जांच दल (एसआईटी) ने पूछताछ की थी, जो द्वारपालक (संरक्षक देवता) की मूर्तियों और श्रीकोविल (गर्भगृह) के दरवाजों से कथित तौर पर सोना गायब होने के मामले की जांच कर रही है।