अन्नाद्रमुक ने तीसरे चरण के चुनावी वादों की घोषणा की

0
dcfe3de3w

चेन्नई, 24 फरवरी (भाषा) ऑल इंडिया अन्ना द्रमुक मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने मंगलवार को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के चुनावी वादों के तीसरे चरण की घोषणा की।

पलानीस्वामी ने कहा कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) शासनकाल में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भारी वृद्धि के कारण परिवारों को हो रही कठिनाइयों को कम करने के लिए अन्नाद्रमुक प्रत्येक परिवार को 10,000 रुपये की एकमुश्त अनुग्रह राशि प्रदान करेगी।

उन्होंने दिवंगत मुख्यमंत्री जे. जयललिता की जयंती के अवसर पर कई घोषणाएं करते हुए कहा कि अन्नाद्रमुक के सत्ता में आने पर रोजगार कार्यालय में पंजीकृत व नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे डिग्री धारकों को 2,000 रुपये प्रति माह और रोजगार कार्यालय में पंजीकृत 12वीं तक की पढ़ाई करने वालों को 1,000 रुपये प्रति माह का वजीफा दिया जाएगा।

उन्होंने प्रतिबंध अवधि के दौरान मछुआरों को दी जाने वाली राहत को मौजूदा 8,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये करने, राशन कार्डधारकों को त्योहार उपहार के रूप में 1,000 रुपये का पोंगल प्रोत्साहन देने, हथकरघा बुनकरों को 450 यूनिट तक व पावरलूम बुनकरों को 1,400 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने और शहर में फुटपाथ पर दुकानें चलाने वाले छोटे व्यापारियों के सहकारी बैंक ऋण माफ करने की घोषणा की। पूर्व मुख्यमंत्री ने यहां अन्नाद्रमुक मुख्यालय में पत्रकारों से कहा कि द्रमुक शासन के पिछले पांच वर्षों से आवश्यक वस्तुओं, संपत्ति कर, मकान कर, बिजली शुल्क, पेयजल कर और कई अन्य करों की बढ़ती कीमतों के कारण लोग कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं, जिससे परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

उन्होंने कहा कि हथकरघा बुनकरों व पावरलूम बुनकरों को दी जाने वाली मुफ्त बिजली क्रमशः 300 यूनिट से बढ़ाकर 450 यूनिट और 1,000 यूनिट से बढ़ाकर 1,400 यूनिट की जाएगी।

पलानीस्वामी ने कहा, “अन्नाद्रमुक के सत्ता में आने के बाद राज्य के राजस्व में वृद्धि कर इन सभी योजनाओं को लागू किया जाएगा।”

पूर्व मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि उनके नेतृत्व में अन्नाद्रमुक सरकार ने महामारी के दौरान जनता को किसी भी प्रकार की कठिनाई पहुंचाए बिना सुशासन प्रदान किया था।

इससे पहले, पलानीस्वामी ने 10 आश्वासनों की घोषणा की थी, जिनमें परिवार की महिला मुखियाओं के लिए मासिक सहायता को बढ़ाकर 2,000 रुपये करना शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *