नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) ओपनएआई के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सैम ऑल्टमैन ने बृहस्पतिवार को कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) सॉफ्टवेयर उद्योग की प्रकृति बदल देगी।
उन्होंने कहा कि कुछ कंपनियों के लिए यह नुकसानदेह हो सकता है जबकि कई अन्य कंपनियां अपनी अलग मूल्य पेशकश (वैल्यू प्रपोज़िशन) के कारण इससे लाभ उठा सकेंगी।
ऑल्टमैन ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि एआई के कारण प्रौद्योगिकी कंपनियों के लिए बहुत कुछ बदलने वाला है, क्योंकि ‘कोडिंग’ अब पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान और तेज हो गई है।
उन्होंने कहा, “…लेकिन लोग जरूरत से ज्यादा सकारात्मक एवं नकारात्मक प्रतिक्रियाएं देते हैं। यह पूरी तरह सच है कि अब सॉफ्टवेयर बनाना पहले से कहीं अधिक आसान हो गया है और मुझे यकीन है कि यह कुछ सॉफ्टवेयर कंपनियों के लिए काफी बुरा साबित होगा। हालांकि, मेरा मानना है कि कई सॉफ्टवेयर कंपनियों की मूल्य पेशकश इससे काफी अलग है।”