अमेरिका की मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन में वार्ता का नया दौर अगले सप्ताह जिनेवा में शुरू होगा

0
698f22083c6fb

जिनेवा, 13 फरवरी (एपी) मॉस्को और कीव के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि रूस और यूक्रेन के राजनयिकों के बीच अमेरिका की मध्यस्थता में वार्ता का नया दौर अगले सप्ताह जिनेवा में शुरू होगा। यह वार्ता पड़ोसी देश पर रूस के हमले के चार साल पूरे होने से कुछ दिन पहले शुरू होगी।

रूसी समाचार एजेंसियों द्वारा जारी एक बयान में क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि बैठक मंगलवार और बुधवार को होगी।

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के संचार सलाहकार दिमित्रो लिटविन ने वार्ता के इस नए दौर की पुष्टि की।

यह वार्ता लगभग 1,250 किलोमीटर लंबी सीमा रेखा पर जारी लड़ाई, यूक्रेन के नागरिक क्षेत्रों और उसके बिजली ग्रिड पर रूस की निरंतर बमबारी और रूसी धरती पर मौजूद युद्ध से संबंधित संपत्तियों पर कीव की ओर से लगभग प्रतिदिन किए जा रहे ड्रोन हमलों की पृष्ठभूमि में हो रही है।

जेलेंस्की शुक्रवार को जर्मनी के म्यूनिख में थे और उन्होंने ड्रोन उत्पादन के लिए स्थापित पहली यूक्रेनी-जर्मन संयुक्त कंपनी का दौरा किया। जर्मनी युद्ध में यूक्रेन का प्रमुख समर्थक रहा है।

जिनेवा पहुंच रहे वार्ताकारों के सामने मॉस्को और कीव दोनों के लिए स्वीकार्य समझौते को मूर्त रूप देने का कठिन कार्य है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सलाहकार व्लादिमीर मेडिंस्की मॉस्को के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। मेंडिंस्की ने इसके पहले मार्च 2022 में इस्तांबुल में यूक्रेन के साथ पहली सीधी शांति वार्ता में मॉस्को के वार्ताकारों की टीम का नेतृत्व किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *