ईटानगर, 24 जनवरी (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर वहां के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए इस भूमि को भारत की सभ्यता, संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों को आकार देने में एक महत्वपूर्ण स्तंभ बताया।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश राष्ट्र की प्रगति में निर्णायक भूमिका निभाता रहेगा।
खांडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं। यह वह भूमि है, जिसने भारत की सभ्यता, संस्कृति और लोकतांत्रिक भावना को आकार दिया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में राज्य (उप्र) सुशासन, अवसंरचना विकास और सांस्कृतिक गौरव पर विशेष ध्यान देते हुए आगे बढ़ रहा है।’’
खांडू ने कहा कि उत्तर प्रदेश सतत सुधारों और जन-केंद्रित नीतियों के माध्यम से अपने नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत है।
चौबीस जनवरी 1950 को उत्तर प्रदेश को राज्य बनाया गया था।