छह जनवरी : इंदिरा गांधी की जान लेने वालों को फांसी

0
sdfgtreas

नयी दिल्ली, छह जनवरी (भाषा) देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या में शामिल सतवंत सिंह और केहर सिंह को छह जनवरी के दिन ही फांसी दी गई थी। सतवंत सिंह और बेअंत सिंह इंदिरा गांधी के सुरक्षाकर्मी थे, जिन्होंने 31 अक्टूबर, 1984 को सरकारी आवास पर उन्हें (गांधी को) गोली मार दी थी। इस षड्यंत्र में केहर सिंह भी शामिल था। बेअंत सिंह को उसी वक्त मौके पर मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मियों ने मार गिराया था।

इस दिन की एक और बड़ी घटना की बात करें तो 1947 में इसी दिन भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी ने देश का विभाजन स्वीकार करके देश का भूगोल और इतिहास बदल दिया। इसके अलावा छत्रपति शिवाजी महाराज ने 1664 में छह जनवरी के दिन ही सूरत पर हमला किया जिसे ‘बैटल ऑफ सूरत’ कहा जाता है।

विज्ञान जगत की एक बड़ी उपलब्धि भारत को छह जनवरी 2024 को हासिल हुई जब सूर्य का अध्ययन करने के लिए भेजा गया देश का पहला अंतरिक्ष आधारित मिशन ‘आदित्य एल1’ यान अपने अंतिम गंतव्य तक पहुंच गया। यान को पृथ्वी से लगभग 15 लाख किलोमीटर दूर सूर्य-पृथ्वी प्रणाली के ‘लैग्रेंज प्वाइंट 1’ (एल 1) के आसपास एक प्रभामंडल कक्षा में स्थापित किया गया।

एल1 प्वाइंट पृथ्वी से लगभग 15 लाख किलोमीटर दूर है और इस स्थान से सूर्य की दूरी भी 15 लाख किलोमीटर ही है।

आदित्य एल1 उपग्रह को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से दो सितंबर 2023 को प्रक्षेपित किया गया था।

देश दुनिया के इतिहास में छह जनवरी की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1664 : छत्रपति शिवाजी महाराज ने सूरत पर हमला किया।

1885 : आधुनिक भारत के दिग्गज हिंदी लेखक भारतेंदु हरिश्‍चंद्र का निधन।

1928: भारतीय नाटककार और रंगमंचकर्मी विजय तेंदुलकर का जन्म।

1929 : मदर टेरेसा भारत में वंचितों और ग़रीबों की सेवा करने के लिए कलकत्ता (अब कोलकाता) लौटीं।

1947 : भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी ने भारत का विभाजन स्वीकार किया।

1959 : भारत के हरफनमौला क्रिकेटर कपिल देव का जन्‍म। उन्हीं की कप्तानी में 1983 में भारतीय टीम ने क्रिकेट का विश्वकप जीता।

1966 : ऑस्कर विजेता भारतीय संगीतकार ए आर रहमान का जन्म।

1980 : सातवीं लोक सभा के लिए हुए चुनाव में इंदिरा गांधी की नेतृत्व वाली कांग्रेस पार्टी को दो तिहाई बहुमत मिला।

1989 : इंदिरा गांधी की हत्या के दोषियों सतवंत सिंह और केहर सिंह को फांसी दी गई।

2002 : ब्रिटेन के प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर और भारतीय प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के बीच मुलाकात के बाद दिल्ली घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर।

2002 : बांग्लादेश की मुद्रा से शेख़ मुजीब का चित्र हटाया गया।

2008 : अमेरिका के पश्चिमी तटीय क्षेत्र में आए तूफ़ान ने भारी तबाही मचाई।

2012 : सीरिया की राजधानी दमिश्क में आत्मघाती हमले में 26 लोगों की मौत, 63 घायल।

2017 : हिंदी फिल्म अभिनेता पद्मश्री ओमपुरी का निधन।

2019 : उत्तर पूर्व अफगानिस्तान बदख्शां प्रांत में कोहिस्तान जिले में सोने की एक खदान धंसने से 30 व्यक्तियों की मौत।

2021 : दक्षिणी कोसोवो में एक रेस्त्रा में 10 लीटर के एक तरल गैस टैंक में विस्फोट से 44 लोग घायल हो गए।

2022 : कजाखस्तान में सरकार विरोधी प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी में दर्जनों प्रदर्शनकारियों मारे गए, 12 पुलिस कर्मियों की मौत।

2024 : सूर्य का अध्ययन करने के लिए देश का पहला अंतरिक्ष आधारित मिशन ‘आदित्य एल1’ यान अपने अंतिम गंतव्य तक पहुंच गया।

2025 : कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने अपने नेतृत्व के प्रति बढ़ते असंतोष के मद्देनजर इस्तीफे की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *