श्रीनगर, 26 जनवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने सोमवार को यहां कहा कि पाकिस्तान इस केंद्र शासित प्रदेश में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहा है लेकिन सुरक्षा बल उसकी नापाक साजिशों को सफल नहीं होने देंगे।
बक्शी स्टेडियम में गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में चौधरी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जम्मू कश्मीर को नुकसान उठाना पड़ा था, लेकिन अब केंद्र शासित प्रदेश इससे उबर चुका है और एक बार फिर पर्यटकों का स्वागत करने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा, ‘‘आज मैं पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। पर्यटक देश के विभिन्न हिस्सों से यहां आए थे। पाकिस्तान आतंक फैलाकर हमारे पर्यटन उद्योग को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन हमारे सुरक्षा बल उसे सफल नहीं होने देंगे।’’
उपमुख्यमंत्री ने आतंकवाद से निपटने में सुरक्षा बलों की भूमिका की सराहना की, लेकिन कहा कि उनका काम अभी पूरा नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने आतंकवाद से मुकाबले में बेहतरीन काम किया है, लेकिन पुलिस का दायित्व अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्हें नशे की समस्या से भी लड़ना है और युवाओं को नशे से बचाना है।’’
चौधरी ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली निर्वाचित सरकार द्वारा पिछले 15 महीनों में उठाए गए विभिन्न विकास और कल्याणकारी कदमों का भी उल्लेख किया।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री ने लाल चौक क्षेत्र के प्रताप पार्क स्थित बलिदान स्तंभ पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।