चेन्नई, नौ जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के प्रमुख नयनार नागेंद्रन ने कहा कि अन्नाद्रमुक और भाजपा के बीच शुक्रवार को यहां सीट बंटवारे पर बातचीत हुई और सीटों की संख्या की घोषणा बाद में की जाएगी।
नागेंद्रन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ यहां ग्रीनवेज स्थित अपने आवास पर अन्नाद्रमुक महासचिव के. पलानीस्वामी से मिलने गए और उनके साथ बातचीत की।
भाजपा और अन्नाद्रमुक ने 2021 का विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ा था। भाजपा ने 20 सीट पर चुनाव लड़ा था और चार सीटें जीती थीं। वहीं, अन्नाद्रमुक ने 191 सीट पर चुनाव लड़ा था और 66 सीटें हासिल की थीं।
बैठक के बाद नागेंद्रन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘बातचीत सुचारू रूप से हुई। हमने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस महीने के अंत में होने वाली तमिलनाडु की यात्रा पर चर्चा की।’’
प्रधानमंत्री की यात्रा की तारीख अभी तय नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि उनकी रैली चेन्नई या मदुरै में आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है।
सीटों की संख्या के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘ इसकी घोषणा बाद में की जाएगी।”
इस बीच, भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन 10 जनवरी को कोयंबटूर में पार्टी की बैठक के लिए यहां आने वाले हैं।