पश्चिम बंगाल में अगले तीन से पांच दिनों में और ठंड पड़ने की आशंका है: आईएमडी

0
sdfwqsa

कोलकाता, सात जनवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल के कई जिलों में अगले तीन से पांच दिनों तक भीषण ठंड की स्थिति बने रहने की आशंका है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहेगा। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को यह जानकारी दी।

आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, सुबह और दोपहर के समय हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है।

आईएमडी के मुताबिक, पहाड़ी इलाकों में बुधवार को दार्जिलिंग सबसे ठंडा रहा यहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मैदानी इलाकों में सबसे ठंडा स्थान बीरभूम जिले का श्रीनिकेतन रहा, यहां न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसी के साथ राजधानी कोलकाता में न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग तीन डिग्री कम है।

आईएमडी के अनुसार, मंगलवार को शहर में जनवरी का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। इस दिन न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग सात डिग्री कम है।

पश्चिम बंगाल के अन्य स्थानों में भी बुधवार को न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। इनमें सूरी (7.2 डिग्री सेल्सियस), जलपाईगुड़ी (7.5 डिग्री सेल्सियस), कल्याणी (8 डिग्री सेल्सियस), बागडोगरा (8.2 डिग्री सेल्सियस), बांकुरा (8.3 डिग्री सेल्सियस) और आसनसोल (8.3 डिग्री सेल्सियस) में तापमान मुख्य रूप से कम रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *