रितिक रोशन : सिल्वर स्क्रीन का भारतीय सुपर “हीरो”

0
sdedsasaa

सिल्वर स्क्रीन पर महारानी जोधा के अकबर, एक देशी सुपर हीरो क्रिश, अग्निपथ का एक युवा चेहरा और जिंदगी ना मिलेगी दुबारा का युवा अर्जुन, रितिक रोशन हिंदी फिल्मों के बहुचर्चित अभिनेता हैं जिन्होंने बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक कई सफल फिल्में दी हैं। अपने शानदार अपडेट और दमदार व्यक्तित्व के दम पर रितिक रोशन ने फिल्मी दुनिया में अपना एक अलग मुकाम स्थापित किया है। फिल्मी करियर में उन्हें छह बार फिल्मफेयर अवार्ड्स से भी सम्मानित किया जा चुका है। अभिनय के अलावा वे अपने डांस मूव्स से भी लोगों का दिल जीत लेते हैं और बॉलीवुड में उनकी पहचान एक अच्छे डांसर के भी रूप में है। उन्हें भारत के सबसे आर्कषक सेलिब्रिटीज में से एक माना जाता है। अभिनय के अलावा रितिक स्टेज परफॉर्मर और पार्श्व गायक भी हैं। उनके द्वारा निभाए गए किरदारों को आलोचकों के साथ साथ जनता ने भी खूब सराहा है। यही नहीं, वे किसी भी तरह के रोल करने में माहिर माने जाते हैं। 

      फ़िल्म अभिनेता रितिक रोशन का जन्म 10 जनवरी 1974 को मुंबई में हुआ था। रितिक रोशन को अभिनय की कला विरासत में मिली। रितिक के पिता राकेश रोशन जाने माने फिल्मकार,निर्देशक और अभिनेता हैं जबकि उनके दादा रोशन ने संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनकी मां का नाम पिंकी रोशन है। रितिक की शुरूआती पढ़ाई बांबे स्कॉटिश स्कूल मुंबई से हुई। इसके बाद की पढ़ाई के लिए वे सिडेनहम कॉलेज चले गए जहां से उन्होंने कॉमर्स में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। स्कूल और कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद मास्टर्स की डिग्री के लिए वे यूएस चले गए। रितिक रोशन का विवाह पूर्व बॉलीवुड अभिनेता संजय खान की बेटी और इंटीरियर डिजाइनर सुज़ैन खान से वर्ष 2000 में हुया लेकिन करीब 17 साल तक चले इस रिश्ते का तलाक से अंत हो गया। इनके दो बच्चे हैं-रेहान और रिधान। करीना कपूर के साथ उनके अफेयर की खबरों ने काफी तूल पकड़ा तो वहीं फिल्म काइट्स के दौरान बारबरा मोरी से भी उनके प्रेम प्रसंगों की काफी चर्चा हुई।

         रितिक के फिल्मी करियर की बात करें तो रितिक को 6 साल की उम्र में कैमरे के सामने फिल्म ‘आशा’ में बिना उनकी जानकारी के लाया गया। उनके फिल्मी करियर की शुरूआत मुख्य अभिनेता के तौर पर फिल्म ‘कहो ना प्यार है’ से हुई थी। इस फिल्म के निर्देशक स्वयं उनके पिता राकेश रोशन ही थे।  इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के खूब झंडे गाड़े ओर उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। इस फिल्म में उनके द्वारा निभाए गए डबल रोल के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का भी फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। इसके बाद उनकी कई फिल्में फ्लाप हो गईं और उनके करियर का यह वो दौर था जब एक मैगजीन ने अपने कवर पर रितिक का वर्णन करते हुए लिखा-फिनिश्ड। इसके बाद आई फिल्म ‘कोई मिल गया’ ने उनके करियर मे नई जान भर दी और फिल्म के साथ साथ रितिक के अभिनय ने तो सभी का दिल जीत लिया। 

        इसमें उन्हें रोहित मेहरा नाम के एक लड़के का किरदार निभाया जो कि मानसिक रूप से थोड़ा असमर्थ है। इस फिल्म में उनके द्वारा निभाए गए किरदार को लेकर उनकी काफी प्रशंसा हुई।  इस फिल्म में रितिक के अभिनय को 2010 के फिल्मफेयर मैगजीन ने ‘टॉप 80 आइकॉनिक परफॉर्मेंस’ में शामिल किया। उनकी प्रसिद्द फिल्मों में फिजा, मिशन कश्मीर, कभी खुशी कभी गम, मुझसे दोस्ती करोगे, मैं प्रेम की दीवानी हूं, कोई मिल गया, लक्ष्य, क्रिश, धूम 2, जोधा अकबर, काइट्स, गुजारिश, जिंदगी न मिलेगी दोबारा, अग्निपथ, क्रिश 3, बैंग बैंग और वॉर शामिल है। रितिक को ग्रीक गॉड भी कहा जाता है।  वे फिल्मों में अपने किरदार में परफेक्शन के लिए भी जाने जाते हैं। इसके बाद आई फिल्म क्रिश ने उन्हें भारत के बड़े पर्दे पर पहले सुपरहीरो के तौर पर पहचान दिलाई। इस फिल्म में उनका कास्ट्यूम, स्टाइल सब कुछ अलग था।

           साल 2006 उनके करियर का अहम वर्ष साबित हुआ। इस साल आई फ़िल्म धूम-2 में चोर के किरदार को रितिक ने बेहद ही परफेक्शन के साथ निभाया। तो वहीं, जोधा अकबर में अकबर के किरदार में रितिक ने जान डाल दी। इसके बाद साल 2012 में रितिक रोशन की फिल्म अग्निपथ रिलीज हुई। यह फिल्म साल 1990 में रिलीज अमिताभ बच्चन की फिल्म अग्निपथ की रिमेक थी। फिल्म टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुई साथ हीं ऋतिक दर्शकों की अपेक्षाओं पर खरे उतरे। फिल्म अभिनेता रितिक रोशन प्रसिद्ध भले ही फिल्मी घराने रोशन ब्रदर्स जैसे खानदान से आए। लेकिन स्टार किड्स होने के बावजूद भी उन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर फिल्मी दुनिया में अपने लिए एक अलग मुकाम हासिल किया है। जो काबिले तारीफ है। फिल्मी पंडितों का मानना है कि आने वाले कई सालों तक रितिक रोशन लोगों के दिलों पर इसी तरह से राज करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *