हरियाणा: मुख्यमंत्री सैनी ने जयंती पर नेताजी बोस को श्रद्धांजलि दी

u90oiuy

चंडीगढ़, 23 जनवरी (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

बोस की जयंती को ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।

सैनी ने राष्ट्र के प्रति बोस के अतुलनीय योगदान को याद किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर चंडीगढ़ के सेक्टर-तीन स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में पुष्पांजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा कि अपने साहस, नेतृत्व और बलिदान से नेताजी ने भारतीयों में स्वतंत्रता की भावना को प्रज्वलित किया।

सैनी ने कहा, “देश को मिली स्वतंत्रता ऐसे क्रांतिकारियों के संघर्षों व सर्वोच्च बलिदानों का परिणाम है।”

मुख्यमंत्री ने नेताजी की असाधारण वीरता, देशभक्ति और निस्वार्थ सेवा को याद करते हुए भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका को अविस्मरणीय बताया।

सैनी ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के राष्ट्रसेवा, आत्मनिर्भरता और अटूट संकल्प के आदर्शों से प्रेरित होकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ की मजबूत नींव रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि भारत आत्मनिर्भरता, तकनीकी उन्नति और वैश्विक मंच पर नेतृत्व की भूमिका की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

सैनी ने युवाओं से नेताजी सुभाष चंद्र बोस से प्रेरणा लेने का आह्वान किया और उनसे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय रूप से भाग लेने व भारत को दुनिया के मंच पर नंबर एक बनाने के सपने को साकार करने की दिशा में काम करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य की जनता को बसंत पंचमी के पर्व की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह दिन राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक समर्पण की प्रेरणा देता है।