हाल ही में नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट के जर्नल में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार फलों व सब्जियों का अधिक सेवन हृदयाघात व पक्षाघात की संभावना को तो कम कर सकता है पर कैंसर की संभावना को कम नहीं करता। बोस्टन हावर्ड स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के विशेषज्ञ डॉ. वाल्टर व उनके सहयोगियों ने फलों व सब्जियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को जाना। इस शोध में उन्होंने 71,910 महिलाओं व 37,725 पुरूषों की डाइट का विश्लेषण किया। शोध के प्रारंभ में सभी पुरूष व महिलाएं पूर्णतः स्वस्थ थे। यह शोध लगभग 18 वर्ष तक चला और शोध के दौरान समय-समय पर विशेषज्ञों ने इन पुरूषों व महिलाओं द्वारा ली जाने वाली डाइट को जाना। 18 वर्ष पश्चात् इनमें से महिलाओं में लगभग 9329 और पुरूषों में 4957 कैंसर, हृदयाघात व पक्षाघात के कारण मृत्यु का शिकार हुए। विशेषज्ञ अपने शोध के निष्कर्ष में इस बात पर पहुंचे कि प्रतिदिन 4-5 बार फल व सब्जियों का सेवन करने वाले व्यक्तियों में फल व सब्जियों का बिलकुल न सेवन करने वाले व्यक्तियों की तुलना में हृदयाघात व पक्षाघात होने की संभावना 12 प्रतिशत कम पाई गई पर कैंसर की संभावना में कोई कमी नहीं देखी गई। विशेषज्ञ इस बात को भी जान पाएं कि हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करने वाले व्यक्ति को पक्षाघात व हृदयाघात होने की संभावना सबसे कम रही। हरी पत्तेदार सब्जियों की प्रतिदिन एक सर्विंग ही इन गंभीर रोगों की संभावना 11 प्रतिशत कम करती है। इसलिए भले ही आप फलों व सब्जियों को अपनी डाइट में अधिक मात्रा में शामिल न कर पाएं पर हरी पत्तेदार सब्जियों को अपनी डाइट में अवश्य स्थान दें।