मुंबई का महापौर हिंदू-मराठी होगा: फडणवीस

0
sweeqwAa

मुंबई, दो जनवरी (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुंबई का अगला महापौर सत्तारूढ़ महायुति पार्टी से होगा और ‘हिंदू’ व मराठी’ होगा।

राजनीतिक दलों के बीच हो रहे दावों और शहर के सर्वोच्च नागरिक पद पर सही उम्मीदवार को बैठाने के मुद्दे पर बहस के बीच यह बयान आया है।

फडणवीस ने एक सवाल के जवाब में कहा, “मुंबई का महापौर महायुति गठबंधन से होगा। मुंबई का महापौर हिंदू और मराठी होगा।”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मुंबई इकाई के अध्यक्ष अमित साटम ने हाल ही में कहा था कि उनकी पार्टी किसी भी ‘खान’ को शहर का महापौर नहीं बनने देगी, जिसके बाद यह मुद्दा और गरमा गया था।

इस बयान पर शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (उबाठा) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

हाल ही में शिवसेना (उबाठा) के साथ गठबंधन करने के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने घोषणा की थी कि ‘मुंबई का महापौर मराठी होगा और हमारा होगा’।

फडणवीस ने अब यह कहकर मुद्दे को अलग रुख दे दिया है कि मुंबई का महापौर हिंदू और मराठी होगा, जिससे बृहन्मुंबई महानगर पालिका चुनावों के लिए प्रचार तेज होने के साथ ही राजनीतिक खींचतान और भी तेज हो गई है।

मुख्यमंत्री ने ये टिप्पणियां ‘मुंबई तक’ समाचार चैनल के साथ ‘महाचावड़ी’ नामक एक संवाद के दौरान कीं।

इस दौरान वह शहर की भूमिगत मेट्रो लाइन में यात्रा कर रहे थे और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर सवालों के जवाब दे रहे थे।

मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री कृपाशंकर सिंह द्वारा उत्तर भारतीय को महापौर बनाए जाने के बारे में कथित टिप्पणियों से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में कहा, “सिंह ने यह टिप्पणी मुंबई के संदर्भ में नहीं की थी। वे पार्टी के आधिकारिक प्रवक्ता भी नहीं हैं।”

सिंह ने बुधवार को कहा था कि मुंबई महानगर क्षेत्र की मीरा भायंदर महानगर पालिका में “उत्तर भारतीय और हिंदी भाषी” महापौर के चुनाव को सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।

राज्य में बीएमसी सहित 29 महानगर पालिका के लिए मतदान 15 जनवरी को होगा और मतगणना अगले दिन होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *