निकाय चुनाव: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और उप्र के पूर्व राज्यपाल राम नाइक ने मुंबई में मतदान किया

sdcdwssa

मुंबई, 15 जनवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाइक ने बृहस्पतिवार को बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) चुनाव में अपना वोट डाला।

बोरीवली में अपना वोट डालने के बाद गोयल ने कहा कि विकास और समृद्धि देश की 140 करोड़ जनता की आकांक्षाओं को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकास की गति देश की वित्तीय राजधानी से ही शुरू होगी।

मुंबई उत्तर से भाजपा के लोकसभा सदस्य ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि प्रत्येक मुंबईवासी निकाय चुनावों में अपनी जिम्मेदारी को समझेगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाइक ने भी उपनगर गोरेगांव में अपना मताधिकार का इस्तेमाल किया।

भाजपा नेता (92) ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों के संपन्न होने के बाद लंबे अंतराल के बाद नगर निगम चुनाव हो रहे हैं, जिससे लोगों को अपने शहर के प्रतिनिधियों को चुनने का मौका मिल रहा है।

महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा विधायक राहुल नार्वेकर ने भी अपना वोट डाला। नार्वेकर परिवार की दो महिला सदस्य, उनके भाई के साथ, दक्षिण मुंबई के कोलाबा क्षेत्र से बीएमसी चुनाव लड़ रही हैं।

नार्वेकर ने पत्रकारों से कहा, “मैंने आज अपना वोट डाल दिया है और लोगों से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर आकर वोट डालें।”

भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने भी अपने परिवार के सदस्यों के साथ मतदान किया जिनमें उनके बेटे नील भी शामिल हैं, जो निकाय चुनाव लड़ रहे हैं।