प्रधान न्यायाधीश आज असम में नए न्यायालय परिसर की आधारशिला रखेंगे

0
sdfewqsa

गुवाहाटी, 11 जनवरी (भाषा) भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत रविवार को असम के उत्तरी गुवाहाटी स्थित रंगमहल में एकीकृत न्यायिक अदालत परिसर की आधारशिला रखेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि प्रधान न्यायाधीश शनिवार शाम को यहां पहुंचे और उनके सम्मान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रिभोज में शामिल हुए।

उन्होंने बताया कि इस दौरान मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक न्यायिक शहर के रूप में परिकल्पित यह नया परिसर 148 बीघा (48 एकड़) भूमि पर विकसित किया जाएगा जिसके पहले चरण की लागत लगभग 479 करोड़ रुपये है।

नए परिसर में गुवाहाटी उच्च न्यायालय और जिला न्यायालय की इमारतें होंगी। साथ ही, त्वरित और सुलभ न्याय सुनिश्चित करने के लिए एकीकृत सुविधाएं भी होंगी।

हालांकि, गुवाहाटी उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के सदस्य प्रस्तावित नए परिसर में स्थानांतरण का विरोध कर रहे हैं।

गुवाहाटी उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन ने रविवार को प्रधान न्यायाधीश द्वारा किए जाने वाले नए उच्च न्यायालय परिसर के शिलान्यास समारोह का बहिष्कार करने के लिए चार घंटे की हड़ताल शुरू कर दी और वे इसके विरोध में भूख हड़ताल में शामिल हुए।

गुवाहाटी हाई कोर्ट बार एसोसिएशन (जीएचसीबीए) के सदस्य बृहस्पतिवार और शुक्रवार को पुराने उच्च न्यायालय भवन के सामने चार घंटे की भूख हड़ताल में शामिल हुए थे।

जीएचसीबीए के उपाध्यक्ष शांतनु बोरठाकुर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हम शहर के मध्य भाग में स्थित वर्तमान स्थान से उच्च न्यायालय को स्थानांतरित करने का विरोध करते हैं। हमने अपनी भूख हड़ताल सुबह 10 बजे से अपराह्न दो बजे तक शुरू की है। हमारे कोई भी सदस्य इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।’’

राज्य के महाधिवक्ता देवजीत सैकिया ने संगठन की आलोचना करते हुए दावा किया कि इस विरोध प्रदर्शन के पीछे ‘‘राजनीतिक दलों का गठजोड़’’ है।

गुवाहाटी उच्च न्यायालय वर्तमान में गुवाहाटी के मध्य भाग में ब्रह्मपुत्र नदी के दक्षिणी तट पर स्थित उजान बाजार क्षेत्र में स्थित है। इसमें एक ऐतिहासिक इमारत है और कुछ साल पहले एक आधुनिक बहुमंजिला इमारत का निर्माण और उद्घाटन किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *